उत्तर प्रदेशलखनऊ

दीपावली और छठ पूजा के लिए रोडवेज चलाएगा अतिरिक्त बसें, यात्रियों को मिलेगी सहूलियत

लखनऊः दीपावली 12 नवम्बर को और छठ का पर्व 19 नवम्बर को है. उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UP Roadways) दीपावली (Diwali 2023) और छठ पर्व (Chhath Puja 2023) पर घर आने वालों का सफर आसान करेगा. सरकार की तरफ से इन त्योहारों पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है. प्रदेश के लोगों को अच्छी परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके, इसके लिए परिवहन निगम अपनी तैयारियां कर रहा है.

उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि 10 से 20 नवम्बर तक अधिक संख्या में बसों के संचालन के निर्देश दिए हैं. उन्होंने बताया कि दीपावली एवं छठ के पहले और बाद में यात्रियों का आवागमन अधिक संख्या में होता है. प्रदेश के लोगों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, परिवहन निगम इसका ध्यान रखेगा. उन्होंने कहा कि बसों के संचालन में वृद्धि सहित कर्मचारियों की उपलब्धता और उत्पादकता में वृद्धि के लिए परिवहन निगम ने इस अवधि में विशेष प्रोत्साहन योजना भी लागू की है. दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों को दिल्ली, जयपुर, कानपुर, लखनऊ से पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न नगरों में जाना होता है, जिसके लिए पर्याप्त संख्या में बसों के संचालन की आवश्यकता पड़ती है. उन्होंने कहा कि छठ का पर्व पूर्वी उत्तर प्रदेश में धूमधाम से मनाया जाता है. लोग दूरदराज से इन क्षेत्रों में पहुंचते हैं.

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने बताया कि दीपावली के साथ ही छठ पर्व पर ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़ हो जाती है. लिहाजा, यात्रियों को बसों का ही सहारा होता है. ऐसे में परिवहन निगम ने भी अपनी तैयारी पूरी कर ली है. दीपावली पर यात्रियों को उनके घर पहुंचने में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं होगी. सभी डिपो के अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है कि वह बसों की मरम्मत का काम पूरा कर लें. बसें रास्ते में खराब नहीं होनी चाहिए. यात्रियों को समय पर उनके घर पहुंचाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए. जिन रूटों पर यात्रियों की संख्या ज्यादा होगी उन पर डिमांड के मुताबिक बसों को भेजा जाएगा. प्रदेश के सभी जनपदों के लिए समय पर बसों का संचालन कराया जाएगा.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button