हरियाणा

हरियाणा की अंबाला जेल से गलती से रिहा हुआ कैदी, अनिल विज ने दिए जांच के आदेश

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने अंबाला जेल से गलती से रिहा हुए एक कैदी के मामले को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को जेल महानिदेशक को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

विज ने कहा कि उन्होंने इस घटना के संबंध में जेल प्रशासन से भी बात की और उन्हें बताया गया कि जिस व्यक्ति को जमानत दी गई थी, उसके स्थान पर गलती से किसी अन्य व्यक्ति को रिहा कर दिया गया।

मंत्री ने इसे ‘गंभीर मामला’ बताते हुए कहा कि ऐसी गलतियों के कारण जेल प्रशासन किसी को भी गलत तरीके से रिहा कर सकता है।

यह मामला मंगलवार को विज के संज्ञान में तब आया जब वह अंबाला में अपने आवास पर जन शिकायतों को सुन रहे थे।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, जमानत मिलने के बावजूद रिहा नहीं किए गए कैदी के पीड़ित परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि अंबाला जेल प्रशासन ने उसके खिलाफ भी “फर्जी मामला” दर्ज किया है।

इसके बाद विज ने जेल महानिदेशक से फोन पर बात की और उन्हें मामले की जांच करने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये।

इस बीच, आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि अंबाला जेल प्रशासन ने इस घटना के सिलसिले में दो जेल कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और जांच की जा रही है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button