देशबड़ी खबर

लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा से कूदे दो शख्स, सांसदों ने पकड़ा

नई दिल्ली : संसद की सुरक्षा में बड़ी चूक देखी गई. लोकसभा की कार्यवाही के दौरान अचानक ही दर्शक दीर्घा से दो शख्स कूद गए. उसके बाद उसे कुछ सांसदों ने पकड़ लिया और सुरक्षाकर्मियों के हवाले कर दिया. उन दोनों शख्स से पूछताछ जारी है. दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सदन पहुंच रहे हैं.

दोनों शख्स जैसे ही लोकसभा में दाखिल हुए, सदन की कार्यवाही बीच में ही रोकनी पड़ गई. कुछ देर के लिए किसी भी सांसद को कुछ नहीं पता चल रहा था, और सभी अपनी-अपनी सीटों पर खड़े हो गए. कुछ सांसदों ने उन दोनों व्यक्तियों को घेर लिया.

इस मामले पर लोकसभा स्पीकर ने भी चिंता जताई. स्पीकर ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सदन के सदस्य जो भी इस मामले में सुझाव देंगे, उस पर कार्रवाई की जाएगी.

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों व्यक्ति के पास विजिटर पास था. यह भी बताया जा रहा है कि दोनों को लोकसभा सांसद प्रताप सिम्हा ने पास जारी करवाया था. यह दावा सांसद दानिश अली ने किया है. उन्होंने कहा कि दोनों के पास जो विजिटर पास थे, उसे भाजपा सांसद ने जारी किया था.

लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि सदन की कार्यवाही जब चल रही थी, तभी दो युवक दर्शक दीर्घा से कूद गए और उसके बाद उन्होंने कुछ फेंकने की कोशिश की. चौधरी ने कहा कि मुझे ऐसा लगा कि उनके पास गैस था, हालांकि, तब तक उन्हें पकड़ लिया गया.

अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि यह निश्चित तौर पर सुरक्षा में चूक का मामला है और वह भी यह घटना उस दिन हुई है, जिस दिन हमारे सुरक्षा बलों ने संसद की सुरक्षा के लिए अपना बलिदान दे दिया था.

भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि जिस समय वह सदन की अध्यक्षता कर रहे थे, तभी एक शख्स सदन के भीतर ऊपर से आ गया, उस वक्त हमें लगा कि वह गिर गया होगा, लेकिन तभी एक और युवक ऊपर से कूद गया, उसके बाद उसने अपने जूते से कुछ निकालने की कोशिश की, इससे कुछ गैस भी निकला. अग्रवाल ने कहा कि निश्चित तौर पर यह सुरक्षा में चूक का मामला है और जो भी जिम्मेदार होंगे, उन पर कार्रवाई होगी.

दिल्ली पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि इनको किसने पास दिया था, कहां से यह शख्स आया है, इसका क्या मकसद था, इन सबके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button