पंजाबहरियाणा

आहलूवालिया ने भाजपा की पूर्व मेयर आशा जायसवाल पर आप पार्षद दमनप्रीत सिंह को खरीदने का लगाया आरोप

चंडीगढ़ मेयर चुनाव पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का आम आदमी पार्टी (आप) ने स्वागत किया है। पार्टी ने अपने उम्मीदवार कुलदीप कुमार को मेयर घोषित करने वाला यह ऐतिहासिक फैसला देने के लिए सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद किया।

आप ने कहा कि इस फैसले से सही मायने में लोकतंत्र की जीत हुई है। आप चंडीगढ़ के सह-प्रभारी डॉ सनी आहलूवालिया ने चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच एस लक्की और आप के नए मेयर कुलदीप कुमार के साथ एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

मीडिया को संबोधित करते हुए डॉ आहलूवालिया ने कहा कि चंडीगढ़ में अपना मेयर बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने कोई भी तिकड़म नहीं छोड़ा। उन्होंने हर हथकंडे अपना लिए, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने उनके गलत मंसूबे पर पानी फेर दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा तो मेयर का चुनाव ही नहीं कराना चाहती थी। क्योंकि उसे पता था कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के पास 20 पार्षद है और उनके पास सिर्फ 15 थे।

बहुत मुश्किल से 18 जनवरी को चुनाव कराने की घोषणा की गई। फिर चुनाव से ठीक पहले उनके पीठासीन अधिकारी बिमार पड़ गए और चुनाव को अनिश्चित समय के लिए टाल दिया गया।

फिर हमें चुनाव कराने के लिए हाईकोर्ट जाना पड़ा। हाई कोर्ट ने 30 जनवरी को चुनाव की तारीख तय की, लेकिन भाजपा ने चुनाव में धांधली करने की साज़िश रच रखी थी।

भाजपा के द्वारा नियुक्त पीठासीन अधिकारी अनिल मसीह ने जानबूझकर हमारे 8 वोट रद्द कर दिए और अल्पमत के बावजूद भाजपा का मेयर घोषित कर दिया।

लेकिन आज सुप्रीम कोर्ट ने हमारे साथ न्याय किया है। कोर्ट का यह फैसला लोकतंत्र को मजबूत बनाने वाला है। अहलूवालिया ने भाजपा की पूर्व मेयर आशा जायसवाल पर पार्षद खरीदने का आरोप भी लगाया।

उन्होंने कहा कि आशा जायसवाल ने हमारे पार्षद दमनप्रीत सिंह को खरीदने की कोशिश की। आहलूवालिया ने मीडिया को वह वीडियो भी दिखाई जिसमें आशा जायसवाल दमनप्रीत को भाजपा में आने के लिए आर्थिक प्रलोभन दे रही थी।

आहलूवालिया ने कहा कि आशा जायसवाल ने अपने बेटे से भी दमनप्रीत सिंह की बात करवाई और कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेता से उनकी मुलाकात करवाएंगे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.
Back to top button