उत्तर प्रदेशबड़ी खबरबाराबंकी

ताला बंद घर के अंदर मिला बुजुर्ग पति-पत्नी का शव; शरीर में लग चुके थे कीड़े, रिश्तेदारों पर हत्या का शक

बाराबंकी: देवां कस्बे में शनिवार शाम एक बंद मकान में पति-पत्नी का शव मिलने से हड़कम्प मच गया. दम्पत्ति के शरीर में कीड़े लग चुके थे. शव 5-6 दिन पुराने होने की बात बताई जा रही है. घर के अंदर से आ रही बदबू के चलते जब पुलिस को किसी ने सूचना दी तब जाकर मामला खुला. घर में बाहर से ताला लगा हुआ था. प्रथमदृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस इस वारदात में किसी नजदीकी के शामिल होने की बात मान रही है. फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है.

देवां इंस्पेक्टर अनिल पांडे के मुताबिक शनिवार की शाम अलीगढ़ में रहने वाले सगीर ने फोन पर सूचना दी कि उनके ससुर माजिद हुसैन वारसी (65) और सास चाँदबीबी (62) मजार के पास ही लालापुर मोहल्ले में घर खरीदकर रह रहे हैं. पिछले चार दिनों से वह कॉल कर रहे हैं लेकिन रिसीव नही हो रही है.

इस सूचना पर कोतवाल देवां ने चौकी प्रभारी को मौके पर भेजा. घर में बाहर से ताला लगा हुआ था. घर से तेज बदबू उठ रही थी. चौकी इंचार्ज दीवार फांदकर अंदर घुसे तो घर के अंदर दोनों के शव पाए गए. खबर फैली तो कस्बे के तमाम लोगों की भीड़ जमा हो गई.सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी जगतनारायण कनौजिया ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. मौके पर पहुंची सर्विलांस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने साक्ष्य इकट्ठा किये.

5 साल से देवां में रह रहे थे पति-पत्नीः बता दें कि मूल रूप से बदायूं के उझानी के रहने वाले माजिद हुसैन वारसी हाजी वारिस अली शाह के मुरीद थे. लिहाजा वह अपनी पत्नी के साथ देवां आकर बस गए थे. इन्होंने फरीदाबाद का अपना मकान बेचकर देवां के लालापुर मोहल्ले में मकान खरीद लिया था. माजिद हुसैन के चार बेटे जावेद,नवेद,परवेज और आरिफ हैं, जबकि एक बेटी तबस्सुम है.

सीओ सिटी जगतनारायण कनौजिया ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. शव कई दिन पुराने प्रतीत हो रहे हैं.शवों से बदबू आ रही थी. परिवार के लोगों को खबर दे दी गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की स्थिति साफ होगी.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button