देशबड़ी खबर

‘लोकसभा चुनाव के पांच चरण के बाद भाजपा 310 सीट जीत चुकी है’, अमित शाह का दावा

संबलपुर (ओडिशा)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा चुनाव के पांच चरण पूरे होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 310 सीट मिलने का दावा करते हुए ओडिशा के लोगों से मंगलवार को अपील की कि वे राज्य को ‘‘बाबू-राज’’ से आजाद कराएं और भाजपा को केंद्र एवं राज्य दोनों में सरकार बनाने के लिए समर्थन दें। शाह ने संबलपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार ओडिशा में भाजपा का चुनाव चिह्न ‘कमल’ खिलेगा। संबलपुर सीट से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को मैदान में उतारा है।

उन्होंने कहा, ‘‘पांचवें चरण के मतदान के बाद भाजपा को 310 सीट पहले ही मिल चुकी हैं। छठे और सातवें दौर के मतदान के बाद हम 400 से अधिक सीट हासिल कर लेंगे।’’ उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में ‘‘मुट्ठी भर अधिकारियों’’ का शासन है।

उन्होंने दावा किया कि यह चुनाव राज्य में मौजूदा ‘‘बाबू राज’’ को समाप्त कर देगा। शाह ने राज्य में बीजू जनता दल (बीजद) की सरकार पर ओडिशा के गौरव, भाषा, संस्कृति और परंपरा का अपमान करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘बीजद सरकार जगन्नाथ मंदिर को एक वाणिज्यिक केंद्र में बदलना चाहती है। मठों और मंदिरों को नष्ट कर दिया गया है और मंदिर के चारों द्वार अब भी जनता के लिए नहीं खोले गए हैं।’’

शाह ने कहा, ‘‘नवीन बाबू ने ओडिशा के लोगों पर ‘अधिकारी राज’ थोपकर उनका अपमान किया है।’’ उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक राज्य के ‘‘खनिज संसाधनों को लूटने’’ में कोई कसर नहीं छोड़ रहे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button