अयोध्याउत्तर प्रदेशराज्य

“अयोध्या के लोगों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वालों के खिलाफ हो कार्रवाई”, पूर्व सपा मंत्री ने की मांग

उत्तर प्रदेश के अयोध्‍या से समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक एवं राज्‍य सरकार के पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय ने लोकसभा चुनाव में फैजाबाद सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार के बाद अयोध्या के लोगों को अपशब्द कहने तथा उनके साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। तेज नारायण ने कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से ही कई लोग सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों के जरिए अयोध्या के लोगों के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

अधिकारियों से की गई कार्रवाई करने की मांग

सपा नेता ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही। उन्होंने अयोध्या के अधिकारियों से मांग की कि “अयोध्या के लोगों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके सख्त कार्रवाई की जाए।” पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि अयोध्या के लोगों को भाजपा सरकार ने हर कदम पर धोखा दिया है। लोगों के घर और दुकानें तोड़ दी गईं तथा उन्हें उचित मुआवजा नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन ने लोगों को डराने-धमकाने, मनमानी करने और लूटपाट करने का काम किया, पीड़ित जनता शिकायत लेकर आई, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। जब जनता को लोकसभा चुनाव में मौका मिला, तो उन्होंने भाजपा को हराकर समाजवादी पार्टी को चुना।

अयोध्या पर टिप्पणी करने वालों के खिलाफ हो कार्रवाई

फैजाबाद (अयोध्या) लोकसभा सीट से मौजूदा भाजपा सांसद लल्लू सिंह को सपा के अवधेश प्रसाद ने चुनाव में हरा दिया है। पांडेय ने कहा, “अयोध्या में भाजपा के अहंकार को यहां की जनता ने तोड़ दिया, जिसके कारण आज प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने से ज्यादा चर्चा अयोध्या में भाजपा के हारने की हो रही है और इसी कारण भाजपा के एजेंट सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियां कर रहे हैं।” उन्होंने कहा, “सरकार और प्रशासन को ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।”

(इनपुट-भाषा)

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button