देशबड़ी खबर

मॉस्को में बोले PM मोदी, रूस भारत के सुख-दुख का साथी

भारतीय समुदाय को संबोधित कर रहे हैं पीएम मोदी पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय को रूसी भाषा में संबोधित करते हुए अपना भाषण शुरू किया। उन्होंने कहा कि मैं अपने साथ हिंदुस्‍तान की मिट्टी की महक लेकर आया हूं। तीसरी बार सत्ता में आने के बाद भारतीय प्रवासियों के साथ पहली बार मुलाकात यहां मास्‍को में हो रही है। आज से एक महीने पहले मैंने शपथ ली थी। मैंने 9 जून को तीसरी बार भारत के पीएम पद की शपथ ली थी। उसी दिन मैंने एक प्रण किया था। मैंने प्रण किया था कि अपने तीसरे कार्यकाल में तीन गुना ताकत से काम करूंगा।

‘140 करोड़ देशवासियों का प्यार लेकर आया हूं’

मॉस्को में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आपका ये प्रेम, आपका ये स्नेह, आपने यहां आने के लिए समय निकाला मैं आपका बहुत-बहुत आभारी हूं। मैं अकेला नहीं आया। मैं मेरे साथ बहुत कुछ लेकर आया हूं। मैं अपने साथ हिंदुस्तान की मिट्टी की महक लेकर आया हूं। मैं अपने साथ 140 करोड़ देशवासियों का प्यार लेकर आया हूं…”

भारत को बनाना है तीसरी बड़ी अर्थव्‍यवस्‍था 

पीएम मोदी ने रूस में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मेरी सरकार के तीसरे कार्यकाल का लक्ष्‍य भारत को तीसरी बड़ी अर्थव्‍यवस्‍था बनाना है। भारतीयों के लिए घर बनाना भी तीसरे कार्यकाल का बड़ा लक्ष्‍य है। मैं महिलाओं की क्षमता का विस्‍तार करना चाहता हूं। तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाना है। उनकी सालाना इनकम एक लाख से ज्‍यादा होनी चाहिए।

‘अचंभित है दुनिया’

रूस के मॉस्को में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज भारत वो देश है जहां दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट-अप इको सिस्टम है। 2014 में जब आप लोगों ने मुझे पहली बार देश की सेवा करने का मौका दिया तब कुछ सैकड़ों में स्टार्ट-अप हुआ करते थे, आज लाखों में है। आज भारत वो देश है जो रिकॉर्ड संख्या में पेटेंट फाइल कर रहा है, रिसर्च पेपर पब्लिश कर रहा है और यही मेरे देश के युवाओं की शक्ति है। दुनिया भी हिंदुस्तान के नौजवानों के टैलेंट को देख कर अचंभित है।” पीएम ने कहा कि भारत जब 40 हजार किमी से ज्‍यादा रेल लाइन को इलेक्ट्रिक कर देता है तो दुन‍िया को भारत की शक्ति का अहसास होता है। उनको लगता है कि भारत बदल रहा है। आज भारत डिजिटल पेमेंट के रेकॉर्ड बना रहा है। आज भारत दुनिया का सबसे ऊंचा ब्रिज बना रहा है तो दुनिया कहती है कि वाकई भारत बदल रहा है।

‘हम दुनिया में मानक बना रहे हैं’

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज भारत को देखने का दुनिया का नजरिया बदल रहा है। यह 140 करोड़ भारतीयों ने किया है। आज विदेशों में रहने वाले भारतीय गर्व करते हैं। आज 140 करोड़ भारतीय आगे निकलने की तैयारी में जुटे हुए हैं। हम अपनी अर्थव्‍यवस्‍था को कोविड संकट से निकालने में सफल रहे हैं। दुनिया के लोग जब भारत आते हैं तो कहते हैं भारत बदल रहा है… वो ऐसा क्या देख रहे हैं? भारत का कायाकल्प, भारत का नवनिर्माण वो साफ-साफ देख पा रहे हैं…”हम दुनिया में मानक बना रहे हैं।

‘भारत के सुख दुख का साथी है रूस’

रूस के मॉस्को में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारतीय समुदाय के लोग भारत और रूस के रिश्‍तों को और आगे बढ़ा रहे हैं। रूस भारत का सुख दुख का साथी है। भारत और रूस की दोस्‍ती हमेशा गर्मजोशी भरी रही है। यह रिश्‍ता आपसी विश्‍वास के आधार पर बना है। यहां हर घर में गाना गाया जाता था सिर पर लाल टोपी…यह गीत भले ही पुराना हो गय हो लेकिन भावनाएं अभी भी वही हैं। मैं भारत रूस के रिश्‍ते का कायल हूं। हमारे रिश्‍तों की दृढता कई बार परखी गई है और हर बार मजबूत होकर उभरी है।

पीएम ने भारतीयों को दी खुशखबरी

पीएम मोदी ने कहा कि यूक्रेन युद्ध के समय राष्‍ट्रपति पुतिन ने भारतीयों को निकालने में मदद की। इसके लिए मेरे मित्र पुतिन का आभार। रूस और भारत आज कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं। 10 साल में मैं छठीं बार रूस आया हूं। पीएम मोदी ने रूस में दो नए काउंसलेट खोलने का ऐलान किया। उन्‍होंने कहा कि इससे आना और जाना और आसान हो जाएगा।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button