देशबड़ी खबर

बिहार में बिजली गिरने से 8 लोगों की मौत, सीएम नीतीश जताया शोक, मुआवजे का किया ऐलान

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के चार जिलों में बिजली गिरने की घटनाओं में 8 लोगों की मौत पर शोक जताया है और मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने राज्य के लोगों से सावधानी बरतने और आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों का पालन करके बिजली गिरने से खुद को बचाने का भी आग्रह किया।

4-4 लाख रुपये का मुआवजा

सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बिहार के सीएम ने कहा, ‘दुखद है कि पटना में 3, औरंगाबाद में 3, नवादा में 1 और सारण में 1 व्यक्ति की बिजली गिरने से मौत हो गई। मृतकों के परिजनों को बिना किसी देरी के 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने के निर्देश दिए गए हैं।’

खराब मौसम में पूरी सावधानी बरतें

नीतीश कुमार ने पोस्ट में लिखा है, ‘लोगों से अपील है कि खराब मौसम में पूरी सावधानी बरतें। बिजली गिरने से बचने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किए गए सुझावों का पालन करें। खराब मौसम में घर के अंदर रहें और सुरक्षित रहें।’बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने इससे पहले गया और नालंदा में बिजली गिरने से 7 लोगों की मौत और अन्य के घायल होने पर दुख जताया था और मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी।

मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

बता दें कि मौसम विभाग ने  शुक्रवार को बिहार के नौ जिलों के लिए अगले 36 घंटे के दौरान आंधी और आकाशीय बिजली गिरने तथा अत्यधिक भारी बारिश होने का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया था। अरवल, बेगूसराय, भागलपुर, गया, जमुई, जहानाबाद, कैमूर, कटिहार, खगड़िया, लखीसराय, मुंगेर, नालंदा, नवादा, रोहतास और शेखपुरा जैसे जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ भी जारी किया। आईएमडी ने बुलेटिन में कहा, ‘‘अगले दो-तीन दिन में औरंगाबाद, बांका, भागलपुर, गया, जमुई, कटिहार, मुंगेर, नवादा और रोहतास जिलों में अलग-अलग स्थानों पर मेघ गर्जन/आकाशीय बिजली के साथ अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है।’’

कटिहार, रोहतास में बारिश का येलो अलर्ट

बुलेटिन में कहा गया है कि कटिहार, रोहतास, औरंगाबाद और गया जिलों में कुछ स्थानों पर अगले चार-पांच दिन में भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया गया है। इसमें कहा गया, ‘‘अगले चार-पांच दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में एक या दो स्थानों पर तेज हवा (30-40 किमी प्रति घंटे) और मेघ गर्जन एवं आकाशीय बिजली के साथ बारिश की संभावना है।’’ राज्य सरकार ने लोगों से मौसम से संबंधित जानकारी पर नजर बनाए रखने को कहा है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button