उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्यलखनऊ

माफिया के सामने नाक रगड़ते थे जाति के नाम पर बांटने वाले : मुख्यमंत्री

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इटावा की घटना के बहाने जातिगत विभाजन पैदा करने वालों को जमकर निशाने पर लिया। कहा कि जाति के नाम पर समाज को बांटने वाले वही लोग हैं, जिन्होंने सत्ता में रहते हुए माफिया के सामने नाक रगड़ी और सरकार को गिरवी रख दिया था। योगी ने आगाह किया कि नौकरी के नाम पर वसूली करने वाले अब जाति के नाम पर बांटने में जुटे हैं। इसीलिए फिर सचेत कर रहा हूं कि ”बंटोगे तो कटोगे, एक रहोगे तो नेक रहोगे।”

मुख्यमंत्री योगी शनिवार को लोकभवन में दानवीर भामाशाह जयंती और व्यापारी कल्याण दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इसके पहले भामाशाह के जीवन से प्रेरित चित्र प्रदर्शनी देखी और सर्वोच्च राजस्व कर देने वाले व्यापारियों को भामाशाह सम्मान से नवाजा। उन्होंने भामाशाह के आदर्शों को अपनाने और समाज को जातिगत विभाजन से मुक्त रखने का आह्वान किया। उन्होंने व्यापारियों को राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए उनकी सुरक्षा, सम्मान और कल्याण के लिए डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

योगी ने भामाशाह के त्याग को ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना का प्रतीक बताते हुए कहा कि जब महाराणा प्रताप की चर्चा होगी, तब दानवीर भामाशाह भी याद किए जाएंगे। उन्होंने स्वामी विवेकानंद को शिकागो धर्म सम्मेलन में भेजने के लिए मैसूर के राजा चामराजेन्द्र वाडियार और खेतड़ी के राजा अजीत सिंह के सहयोग की चर्चा की। साथ ही, बाबा साहब भीमराव आंबेडकर को विदेश पढ़ाई के लिए वडोदरा के राजा सैयाजीराव गायकवाड द्वारा दी गई स्कॉलरशिप का भी जिक्र किया। कहा कि इन महापुरुषों के सहयोग में जाति कहां थी? ये सहयोग सात्विक और सकारात्मक भाव से किया गया, जिसके परिणामस्वरूप विश्व को विवेकानंद और आंबेडकर जैसे रत्न मिले।

हर जिलों में शीर्ष 10 व्यापारियों के सम्मान का निर्देश

मुख्यमंत्री ने जीएसटी विभाग को निर्देश दिया कि प्रत्येक वर्ष व्यापारी कल्याण दिवस पर प्रदेश के शीर्ष 10 जीएसटी देने वाले व्यापारियों को लखनऊ में और जिलों के शीर्ष 10 व्यापारियों को स्थानीय स्तर पर सम्मानित किया जाए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना का शिकार होने वाले जीएसटी देने वाले व्यापारियों को सरकार की ओर से 10 लाख रुपये की सहायता भी इस दिन प्रदान की जाए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण में व्यापारियों से भागीदारी का आह्वान भी किया।
इनसेट

मुख्यमंत्री ने इन व्यापारियों का किया सम्मान

वित्तीय वर्ष 2024-25 में सर्वाधिक कर देने वाले एवं समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यापारियों में रचना गर्ग, हेमंत शर्मा, मोहम्मद जावेद सिद्दिकी, अमित निगम, अशोक कुमार गुप्ता, नितेश अग्रवाल, प्रतीश कुमार, राजेश कुमार अग्रहरि, डॉ मिथिलेश अग्रवाल, अरविंद चतुर्वेदी, अमित गुप्ता, पुष्पदंत जैन, दिनेश गोयल, साहिल गर्ग को मुख्यंमंत्री ने सम्मानित किया।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button