
वाशिंगटनः ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावे को विदेश मंत्री एस जयशंकर ने खारिज कर दिया है। जयशंकर ने कहा, “हमें पता है क्या हुआ था, अब उसे वहीं छोड़ देते हैं”। वाशिंगटन में क्वॉड शिखर सम्मेलन के इतर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए जयशंकर ने अपने बयानों से ट्रंप के दावों पर पानी फेर दिया है।
भारत-पाकिस्तान के डीजीएमओ में सीधी बातचीत से हुआ युद्ध विराम
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने वाशिंगटन में स्पष्ट किया कि भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम समझौता दोनों देशों के सेना संचालन महानिदेशकों (DGMOs) के बीच हुई सीधी बातचीत का परिणाम था। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने युद्धविराम को भारत के साथ व्यापार वार्ताओं से जोड़ने की बात कही थी।



