देशबड़ी खबर

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद आई PM मोदी की पहली प्रतिक्रिया, जानें क्या बोले

भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार की शाम अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। धनखड़ ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजे अपने त्यागपत्र में स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा देने की बात कही है। उनके इस कदम से हर कोई हैरान है और सभी दलों के नेता और सांसद धनखड़ की उत्तम स्वास्थ्य की कामना कर रहे हैं। अब भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद पहली प्रतिक्रिया दी है।

क्या बोले पीएम मोदी?

पीएम नरेंद्र मोदी ने जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफे के बाद मंगलवार को X पर ट्वीट किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट में कहा- “श्री जगदीप धनखड़ जी को भारत के उपराष्ट्रपति सहित कई भूमिकाओं में देश की सेवा करने का अवसर मिला है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।”

धनखड़ का इस्तीफा मंजूर

जानकारी के मुताबिक, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का इस्तीफा मंगलवार को मंजूर कर लिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने संविधान के अनुच्छेद 67ए के तहत तत्काल प्रभाव से भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे की सूचना दे दी है।

धनखड़ ने पत्र में क्या बताया?

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजे गए अपने इस्तीफे के बारे में कहा था- “स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देने और चिकित्सीय सलाह का पालन करने के लिए, मैं संविधान के अनुच्छेद 67 (ए) के अनुसार, तत्काल प्रभाव से भारत के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे रहा हूं।” आपको बता दें कि धनखड़ 74 साल के हैं और उन्होंने अगस्त 2022 में उपराष्ट्रपति का पद संभाला था। उनका कार्यकाल 2027 तक था। कुछ समय पहले उनकी दिल्ली एम्स में एंजियोप्लास्टी हुई थी। इसके अलावा उन्हें इसी साल कुछ दिनों के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

जगदीप धनखड़ के राजनीतिक जीवन के बारे में प्रमुख बातें

  • भाजपा, कांग्रेस और जनता दल से जुड़े रह चुके।
  • 1989 से 1991 तक राजस्थान के झुंझुनू लोकसभा से सांसद।
  • 1993 से 1998 तक राजस्थान विधानसभा के सदस्य रहे।
  • 2019 से 2022 तक पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रहे।
  • 2022 से 2025 तक भारत के उपराष्ट्रपति रहे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button