UP BJP: पुराने नेताओं को भी मिलेगी चुनावी जिम्मेदारी, संगठन ने बनाया नया प्लान

उत्तर प्रदेश में मिशन-2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) संगठन नए और पुराने नेताओं के बीच संतुलन बनाने की रणनीति पर काम कर रहा है। संगठन ने संकेत दिए हैं कि हालिया फेरबदल में पदों से हटे नेताओं को भी चुनावी अभियान में सक्रिय भूमिका दी जाएगी। उन्हें विभिन्न सेल, प्रकोष्ठ, विशेष प्रोजेक्ट्स और समितियों में जिम्मेदारियां सौंपने की तैयारी है।
पार्टी का मानना है कि लंबे समय से संगठन में काम कर रहे नेताओं के अनुभव का लाभ चुनावी तैयारियों में लिया जाना चाहिए। इसलिए संगठनात्मक बदलाव को केवल पद परिवर्तन के रूप में देखा जा रहा है, न कि किसी नेता की भूमिका समाप्त होने के रूप में।
सूत्रों के अनुसार, आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए बूथ प्रबंधन, सदस्यता अभियान, सामाजिक संपर्क, प्रशिक्षण कार्यक्रम और विशेष अभियान समितियों में अनुभवी नेताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इससे नए पदाधिकारियों को अनुभव का लाभ मिलेगा और संगठनात्मक समन्वय भी मजबूत होगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नए चेहरों को अवसर देने के साथ-साथ अनुभवी नेताओं को सक्रिय बनाए रखने की यह रणनीति भाजपा के चुनावी संगठन को और मजबूत कर सकती है। इसी उद्देश्य से पार्टी संगठन सभी स्तरों पर जिम्मेदारियों का संतुलित वितरण करने की तैयारी में है।



