CM योगी से मिले फ्लिपकार्ट के CEO, MSME-ODOP और AI आधारित यूपी पर हुई चर्चा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फ्लिपकार्ट के CEO ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य में निवेश, डिजिटल कॉमर्स, MSME सेक्टर को बढ़ावा देने और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना के उत्पादों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजार तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रदेश के कारीगरों, लघु उद्योगों और उद्यमियों को नए अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। साथ ही ODOP उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री बढ़ाने और स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक ग्राहकों तक पहुंचाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
मुख्यमंत्री और फ्लिपकार्ट के CEO के बीच उत्तर प्रदेश को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित राज्य बनाने की दिशा में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। डिजिटल तकनीक, नवाचार, कौशल विकास और रोजगार सृजन के क्षेत्रों में साझेदारी को लेकर भी सकारात्मक विचार साझा किए गए।
सरकार का मानना है कि तकनीकी कंपनियों के सहयोग से प्रदेश में डिजिटल इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी, स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर तैयार होंगे। यह पहल उत्तर प्रदेश को तकनीक और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



