
भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम में युवा चेहरे को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। वडोदरा से लोकसभा सांसद डॉ. हेमांग जोशी को भारतीय जनता युवा मोर्चा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह अब तेजस्वी सूर्या की जगह संगठन के युवा मोर्चे की कमान संभालेंगे। डॉ. हेमांग जोशी गुजरात के पोरबंदर से आते हैं और वर्तमान में वडोदरा लोकसभा सीट से सांसद हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज की थी। उनकी उम्र करीब 35 वर्ष है, जिससे वह पार्टी की युवा पीढ़ी के प्रतिनिधि के तौर पर भी नजर आते हैं।
हेमांग जोशी का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ। वह वडोदरा की एमएस यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े। 2010-11 के दौरान उन्होंने ABVP में मीडिया प्रभारी और जिला कार्यकारिणी सदस्य की भूमिका निभाई। इसके बाद 2013 में वह भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता के तौर पर संगठन से जुड़े।
राजनीति में आने से पहले जोशी ने संगठन और सामाजिक क्षेत्र में भी काम किया। 2015-16 में वह सोशल वर्क फैकल्टी में जनरल सेक्रेटरी रहे और 2022 में उन्हें नगर प्राथमिक शिक्षा समिति में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली। संगठन में लगातार सक्रियता के बाद उन्हें गुजरात भाजपा युवा मोर्चा की जिम्मेदारी भी मिली। 2024 में वडोदरा से लोकसभा सांसद चुने जाने के बाद हेमांग जोशी का राष्ट्रीय राजनीतिक कद बढ़ा। संसद में उनकी उपस्थिति भी सक्रिय रही है। PRS India के अनुसार 18वीं लोकसभा में उनकी उपस्थिति 90 प्रतिशत रही और उन्होंने 86 सवाल पूछे हैं।
BJYM अध्यक्ष के तौर पर जोशी के सामने सबसे बड़ी चुनौती युवाओं को भाजपा से जोड़ने की होगी। खास तौर पर Gen Z यानी डिजिटल दौर में पली-बढ़ी युवा आबादी के बीच रोजगार, शिक्षा, तकनीक, स्टार्टअप और सोशल मीडिया जैसे मुद्दे महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में पार्टी को युवा मतदाताओं तक अपनी नीतियां और संदेश प्रभावी तरीके से पहुंचाने की उम्मीद जोशी से होगी। हेमांग जोशी हिंदी, अंग्रेजी और गुजराती में संवाद करने में सक्षम हैं। गुजरात की राजनीति और संगठन में काम करने के साथ-साथ उनके पास युवा संगठन का अनुभव भी है। यही वजह है कि उन्हें राष्ट्रीय युवा मोर्चे की जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त चेहरा माना जा रहा है।
तेजस्वी सूर्या ने 2020 से BJYM के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। अब संगठन में नेतृत्व परिवर्तन के साथ भाजपा ने युवा मोर्चे को नई दिशा देने का संकेत दिया है। हेमांग जोशी के सामने संगठन को मजबूत करने के साथ देशभर के युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने की अहम जिम्मेदारी होगी।
हेमांग जोशी की नियुक्ति भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में युवा नेतृत्व को दिए जा रहे महत्व को भी दर्शाती है। पार्टी की कोशिश संगठन में अपेक्षाकृत कम उम्र के नेताओं को जिम्मेदारी देकर नई पीढ़ी के साथ संवाद बढ़ाने की है। आने वाले समय में BJYM के कार्यक्रमों और डिजिटल कैंपेन में जोशी की भूमिका पर खास नजर रहेगी।



