राधा से ₹50 करोड़ की धोखाधड़ी की कोशिश, भाई-बहन पर आरोप

अभिनेत्री राधा ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि ये चेक उनकी पुरानी चेकबुक के थे, जिसका इस्तेमाल वह अपने पुराने बिजनेस ARS Garden Studio के लिए करती थीं। जनवरी 2025 में बिजनेस का नाम बदलकर RR Gardens किए जाने के बाद उन्होंने नई चेकबुक ले ली थी और पुरानी चेकबुक के चेक को इस्तेमाल नहीं किया था।
राधा के अनुसार, उनकी गैरमौजूदगी में उनके कमरे से पुराने चेक लिए गए और उनमें रकम व अन्य विवरण भरकर बैंक में जमा किए गए। शिकायत में उन्होंने यह भी दावा किया कि चेक पर लिखी गई जानकारी उनके भाई मल्लिकार्जुन की लिखावट से मिलती है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
राधा ने पुलिस को बताया कि 17 सितंबर को बैंक से मिले अलर्ट में पांच चेक सामने आए, जिनमें ₹11 लाख, ₹13.17 करोड़, ₹27.73 करोड़, ₹7 करोड़ और ₹1.79 करोड़ की रकम दर्ज थी। इन सभी भुगतानों को लेकर उन्होंने किसी वैध वित्तीय लेनदेन से इनकार किया है।
शिकायत में राधा ने अपने भाई से जुड़े कथित FEMA मामले का भी उल्लेख किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाई पर वित्तीय दबाव था और इसी वजह से पुराने चेक के कथित इस्तेमाल की जांच की जानी चाहिए। यह आरोप भी फिलहाल शिकायत का हिस्सा है और पुलिस जांच के अधीन है।
राधा ने पुलिस से पूरे मामले की जांच करने और आरोप सही पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपने घर में रखे गहनों, कीमती सामान और प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेजों को लेकर भी चिंता जताई है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।



