UP Teacher Recruitment: तेजी से होगी नई शिक्षक भर्ती, स्कूलों में होंगे रीडिंग कार्यक्रम
बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने शुक्रवार को विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने और शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बिना आर्थिक विकास के लक्ष्यों को हासिल करना मुश्किल है।
शिक्षकों की नई भर्ती को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। इससे पहले सितंबर में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 15,012 शिक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया के लिए विज्ञापन जारी किया था। इसमें बेसिक शिक्षा विभाग के सहायक अध्यापक पद भी शामिल हैं।
स्कूलों में बच्चों की पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए समाचार पत्र और किताबों को पढ़ाई का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया है। इसके तहत सप्ताह में एक दिन पठन सत्र आयोजित करने के साथ रीडर ऑफ द वीक और टॉप-5 स्टूडेंट रीडर्स जैसे कार्यक्रम चलाने की योजना है।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से स्मार्ट क्लासरूम के उपयोग पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश के 25,790 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम स्थापित किए जा चुके हैं। मंत्री ने इन तकनीकी सुविधाओं का नियमित रूप से कक्षा शिक्षण में इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल, आत्मरक्षा, कला और क्राफ्ट जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। साथ ही अच्छे खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए जरूरत के अनुसार पेशेवर कोच की सेवाएं लेने और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अवसर देने पर जोर दिया गया।
स्कूलों से पढ़कर निकलने वाले सफल पूर्व छात्रों को विद्यार्थियों से जोड़ने के लिए एलुमनाई मेंटरशिप मॉडल भी विकसित किया जा रहा है। इसके तहत सिविल सेवक, डॉक्टर, उद्यमी और अन्य क्षेत्रों में कार्यरत पूर्व छात्र विद्यार्थियों को पढ़ाई और करियर से जुड़ी जानकारी दे सकेंगे।



