AISHE Data: यूपी में शिक्षा योजनाओं पर जोर
उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा से जुड़ी योजनाओं और नीतियों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए AISHE आंकड़ों की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने विश्वविद्यालयों और संस्थानों से सही, प्रमाणित और समयबद्ध डेटा उपलब्ध कराने की अपील की।
कार्यशाला में कहा गया कि नामांकन, शिक्षकों, पाठ्यक्रम, परीक्षा परिणाम और आधारभूत ढांचे से जुड़े आंकड़ों का सही होना जरूरी है। मूल अभिलेखों से सत्यापन, क्रॉस-वेरिफिकेशन और जरूरत के अनुसार रैंडम जांच के जरिए डेटा की विश्वसनीयता बढ़ाने पर चर्चा हुई।
AISHE देश में उच्च शिक्षा की स्थिति का आकलन करने वाला वार्षिक सर्वे है। इसके तहत उच्च शिक्षा संस्थानों से विद्यार्थियों, शिक्षकों, कार्यक्रमों, परीक्षा परिणाम, वित्त और बुनियादी ढांचे समेत कई मानकों पर जानकारी जुटाई जाती है। इन आंकड़ों से उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न संकेतक तैयार किए जाते हैं, जो नीति निर्माण और योजना बनाने में उपयोगी होते हैं।
केंद्र सरकार के अनुसार AISHE का डेटा संबंधित उच्च शिक्षा संस्थानों द्वारा पोर्टल पर स्वयं उपलब्ध कराया जाता है और डेटा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सत्यापन व जांच की प्रक्रिया भी अपनाई जाती है। ऐसे में संस्थानों के रिकॉर्ड और AISHE पोर्टल पर दर्ज जानकारी में एकरूपता बनाए रखना महत्वपूर्ण है।



