उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

मेरी कटोरी, मेरा पोषण से 4.5 लाख तक पहुंचा संदेश, योगी सरकार में स्वस्थ बचपन की दिशा में मजबूत पहल

राज्य स्तरीय पोषण पाठशाला में 1,03,467 डिवाइस से जुड़े प्रतिभागी

लखनऊ, 06 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बच्चों के बेहतर पोषण और स्वस्थ विकास को लेकर लगातार प्रभावी प्रयास कर रही है। इसी क्रम में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के तहत बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से राज्य स्तरीय पोषण पाठशाला का आयोजन किया गया। मेरी कटोरी, मेरा पोषण संदेश के साथ आयोजित इस डिजिटल कार्यक्रम का लाइव वेबकास्ट एनआईसी के माध्यम से किया गया। प्रदेशभर में 1,03,467 डिवाइस के जरिए प्रतिभागियों ने इसमें सहभागिता की। एक डिवाइस से एक से अधिक प्रतिभागियों के जुड़ने के कारण पोषण पाठशाला के माध्यम से करीब 4.5 लाख लाभार्थियों एवं प्रतिभागियों तक पोषण संबंधी महत्वपूर्ण संदेश पहुंचा।

छह माह बाद सही ऊपरी आहार पर फोकस

पोषण पाठशाला का मुख्य उद्देश्य छह माह की आयु पूरी करने के बाद बच्चों को सही समय पर उचित एवं पौष्टिक ऊपरी आहार देने को लेकर जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और समुदाय को बताया गया कि बच्चे के स्वस्थ विकास के लिए छह माह के बाद ऊपरी आहार की शुरुआत महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही ऊपरी आहार की आवश्यकता, उसके महत्व और बाल विकास में इसकी भूमिका से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी साझा की गई।

यूट्यूब पर उपलब्ध कराए गए पोषण के वीडियो

पोषण पाठशाला में विमोचित ऊपरी आहार एवं बाल पोषण से जुड़े सभी वीडियो विभागीय यूट्यूब चैनल पर भी अपलोड कर दिए गए हैं। इससे अभिभावक और आमजन इन महत्वपूर्ण पोषण संदेशों को आसानी से देख सकेंगे और इन्हें अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचा सकेंगे। 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत हुई यह पहल बच्चों के बेहतर पोषण को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रही। कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि छह माह के बाद सही समय पर सही ऊपरी आहार बच्चों के स्वस्थ विकास की मजबूत नींव है।

सही ऊपरी आहार से मजबूत होगी बच्चों के स्वस्थ विकास की नींव

अपर मुख्य सचिव, महिला कल्याण एवं बाल विकास लीना जौहरी ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए छह माह की आयु पूरी होने के बाद सही समय पर उचित एवं पौष्टिक ऊपरी आहार देना बेहद जरूरी है। मेरी कटोरी, मेरा पोषण संदेश के जरिए अभिभावकों और समुदाय को बाल पोषण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। वहीं पोषण संबंधी सही जानकारी को घर-घर तक पहुंचाकर बच्चों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस अवसर पर उपनिदेशक आईसीडीएस अनुपमा शांडिल्य, सुरेश कुमार पाल, यूनिसेफ के पोषण विशेषज्ञ डॉ. रवि नारायण परही, यूपी टीएसयू से डॉ. वंदना नायडू एवं डॉ. आनंद और पोषण अभियान के संयुक्त परियोजना समन्वयक अभिषेक दुबे समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button