उत्तर प्रदेशलखनऊ

लखनऊ कोर्ट में बाहुबली मुख्तार अंसारी की हुई पेशी

  • बांदा से लखनऊ तक रहा सख्त सुरक्षा घेरा

लखनऊ/बांदा। बाहुबली मुख्तार अंसारी को सोमवार दोपहर को लखनऊ के एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश किया गया। फर्जी दस्तावेज के आधार पर संपत्ति पर कब्जा और अवैध निर्माण के मामले में बांदा जेल में बंद अंसारी को कड़ी सुरक्षा में लखनऊ लाया गया। यहां पर भी सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही।

बांदा जेल से सुबह मुख्तार अंसारी को कड़ी सुरक्षा में लखनऊ के लिए रवाना किया गया था। इसी दौरान तिंदवारी के पास बज्र वाहन खराब हो गया। बज्र वाहन में सवार इंस्पेक्टर राकेश तिवारी ने कंट्रोलरूम को सूचना दी। तिंदवारी थाना पुलिस फौरन मेकैनिक लेकर मौके पर पहुंची। वाहन को ठीक कराने के बाद पुनः रवाना किया गया। मुख्तार के स्वास्थ्य को देखते हुए बांदा जेल प्रशासन ने उन्हें एम्बुलेंस से भेजा। एम्बुलेंस में सारी चिकित्सा व्यवस्था के साथ डॉक्टरों की टीम भी मौजूद है, ताकि हर स्थिति से निपटा जा सके।

मुख्तार अंसारी के बेटे नवनिर्वाचित विधायक अब्बास बिन मुख्तार अंसारी ने आशंका जाहिर की थी कि लखनऊ लाते वक्त पिता को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि लखनऊ के जियामऊ इलाके में फर्जी दस्तावेज के आधार पर संपत्ति हथियाकर उस पर अवैध निर्माण कराने के मामले में मुख्तार अंसारी, बेटे अब्बास अंसारी और उमर अंसारी के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज है।

बांदा में रात को हुई हलचल

बांदा जेल में रविवार रात को अचानक हलचल हुई, पता चला कि जेल में बंद पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी को कहीं ले जाया जा रहा है। जेल के बाहर एंबुलेंस और बज्र वाहन पहुंचे तो यह भी अटकलें लगने लगीं कि मुख्तार की तबीयत खराब है, लेकिन सोमवार सुबह इन अटकलों पर विराम लगा जब यह पता चला की मुख्तार को लखनऊ कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जा रहा है। मुख्तार को सोमवार सुबह बांदा जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच लखनऊ के लिए रवाना किया गया था। मुख्तार की तबीयत के सवाल पर रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ मुकेश यादव ने कहा कि अगर मुख्तार अंसारी की तबीयत खराब होती तो सीएमओ द्वारा जरूर जानकारी दी जाती, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button