उत्तर प्रदेशलखनऊ

मुख्य सचिव ने की स्कूल चलो अभियान की समीक्षा, दिए आवश्यक दिशा निर्देश

  • मुख्यमंत्री योगी चार अप्रैल को श्रावस्ती से करेंगे अभियान का शुभारम्भ
  • मुख्य सचिव ने परिषदीय विद्यालयों में कार्यक्रम के सजीव प्रसारण की व्यवस्था के दिए निर्देश
  • जिलों में जनप्रतिनिधि करेंगे स्कूल चलो अभियान का शुभारम्भ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चार अप्रैल से ‘स्कूल चलो अभियान’ की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रावस्ती से अभियान का शुभारम्भ करेंगे। इसकी तैयारियों के मद्देनजर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने शनिवार को वीडियो कान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से एक समीक्षा बैठक की।

बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि उप्र बेसिक शिक्षा के अधीन संचालित कक्षा 01 से 08 तक के विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के अधिकाधिक नामांकन को प्रोत्साहन देने तथा छात्रों का नामांकन कराने के उद्देश्य से ‘स्कूल चलो अभियान’ कार्यक्रम का संचालन विगत वर्षों से किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिये कि अभियान के अन्तर्गत अध्यापकों द्वारा घर-घर जाकर हाउस होल्ड सर्वे किया जाये और बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाये। उन्होंने बताया कि स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम के प्रयासों के फलस्वरूप विगत 05 वर्षों से छात्र-छात्राओं के नामांकन में निरन्तर वृद्धि हुई है।

मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि जनपद के समस्त परिषदीय विद्यालयों, ब्लॉक संसाधन केन्द्रों एवं जनपद कार्यालयों पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के सजीव प्रसारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। ‘स्कूल चलो अभियान’ कार्यक्रम 04 अप्रैल से प्रारम्भ होकर 30 अप्रैल तक संचालित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम सम्पन्न हो जाने के पश्चात पूर्वान्ह 11 बजे से अन्य जनपद में अग्रेत्तर कार्यक्रम सम्पन्न कराये जायेंगे।

उन्होंने कहा कि समस्त जनपदों में स्कूल चलो अभियान का शुभारम्भ जनप्रतिनिधियों तथा नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में सम्पन्न कराया जाये। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक जनपद में शैक्षिक सत्र 2021-22 में आयोजित परीक्षा में सर्वोत्तम प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया जायेगा। छात्रों का नामांकन बढ़ाने हेतु अभिभावकों एवं विद्यालय प्रबन्ध समिति के सदस्यों को प्रोत्साहित किया जायेगा। बच्चों के नामांकन में सर्वोत्तम प्रदर्शन करने वाले प्रधानाध्यापकों को भी सम्मानित किया जायेगा। इस अवसर पर शिक्षा से प्रेरित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित कराये जायें।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिये कि ऑपरेशन कायाकल्प के अन्तर्गत जिन विद्यालयों ने अवस्थापना सुविधाओं के लक्ष्य को शत-प्रतिशत नहीं प्राप्त किया गया है उसे शीघ्र प्राप्त किया जाये। नामाकंन की संख्या को 02 करोड़ के पार पहुंचाने के लिए डोर-टू-डोर होल्ड सर्वे को चलाया जाये। उन्होंने जनपदीय वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिये कि यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान जनपद बलिया में जिस प्रकार की घटना घटित हुई भविष्य में उसकी पुनरावृत्ति न होने पायें, इसके लिए ठोस कदम उठाए जायें और पूरी सतर्कता बरती जाये। उन्होंने कहा कि जो भी असामाजिक तत्व इसमें लिप्त हैं उन पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। बैठक में प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा दीपक कुमार सहित वीडियो कान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से समस्त मण्डलों एवं जनपदों के मण्डलायुक्त व जिलाधिकारी जुड़े रहे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button