मनोरंजन

फिल्म अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को कोर्ट ने दी अबू धाबी जाने की अनुमति

  • आईफा अवार्ड शो में शामिल होंगी रिया चक्रवर्ती

मुंबई। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से संबंधित एक ड्रग मामले में आरोपित फिल्म अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को मुंबई की एक विशेष अदालत ने बुधवार को चार दिनों के लिए अबू धाबी की यात्रा करने की अनुमति दी है। इसलिए रिया चक्रवर्ती अब अबू धाबी में आयोजित भारतीय फिल्म अकादमी (आईफा) अवार्ड शो में शामिल हो सकेंगी।

बुधवार को विशेष कोर्ट के जज एए जोगलेकर ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) को रिया चक्रवर्ती का पासपोर्ट उन्हें सौंपने का निर्देश दिया है। साथ ही कोर्ट ने रिया चक्रवर्ती को हर दिन अबू धाबी में भारतीय दूतावास को तथा एनसीबी को अपनी यात्रा की रिपोर्ट देने और भारत आने पर अपना पासपोर्ट एनसीबी को वापस कर देने का भी निर्देश दिया है। चक्रवर्ती को कोर्ट के रजिस्ट्रार को एक लाख रुपये की अतिरिक्त नकद राशि जमा करने का निर्देश दिया है।

रिया चक्रवर्ती के वकील निखिल मानेशिंदे ने बुधवार को कोर्ट को बताया कि अभिनेत्री को अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी (आईफा) के निदेशकों ने ग्रीन कार्पेट पर चलने, पुरस्कार देने और संवाद में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। आपराधिक मामले ने चक्रवर्ती के अभिनय करियर को प्रभावित किया है और उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ कठिनाइयों का भी सामना करना पड़ा है। इसलिए अभिनय के क्षेत्र में उनकी संभावनाओं के लिए ऐसे अवसर महत्वपूर्ण हैं। इसी वजह से कोर्ट ने रिया चक्रवर्ती को सशर्त अबूधाबी जाने की अनुमति दी है।

उल्लेखनीय है कि फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत 14 जून, 2020 को उपनगरीय बांद्रा में अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। उनकी मौत की ड्रग एंगल से जांच कर रही सीबीआई सितंबर 2020 में फिल्म अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के करीब एक महीने बाद मुंबई हाई कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी थी।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button