देशबड़ी खबर

टेरर फंडिंग व संदिग्ध गतिविधियों के मामले में सबसे बड़ी कार्रवाई, एनआईए व ईडी की संयुक्त छापेमारी में 106 लोग गिरफ्तार

  • 11 राज्यों में पीएफआई से जुड़े संदिग्ध लोगों के ठिकानों पर छापेमारी
  • केरल, कर्नाटक व महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा गिरफ्तारी, कार्रवाई जारी
  • तेलंगाना पीएफआई मुख्यालय सील, दिल्ली पीएफआई अध्यक्ष गिरफ्तार
  • छापेमारी के मद्देनजर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की बैठक जारी

नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की संयुक्त टीम ने गुरुवार सुबह से राजधानी दिल्ली समेत 11 राज्यों में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के ठिकानों पर छापेमारी करते हुए अब तक 106 संदिग्धों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, छापेमारी के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अहम बैठक चल रही है।खबर लिखे जाने तक यह छापेमारी जारी है। केरल, कर्नाटक और महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा गिरफ्तारियां हुई हैं। राजधानी दिल्ली से तीन लोग गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि उत्तर प्रदेश से आठ लोग पकड़े गए हैं। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में पीएफआई अध्य्क्ष परवेज के यहां एनआईए ने तड़के साढ़े तीन बजे छापेमारी कर उसे और उसके भाई को गिरफ्तार किया। ओखला में रहने वाला परवेज लंबे समय से पीएफआई से जुड़ा है।

सूत्रों के अनुसार, पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के ठिकानों पर आज सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी, प्रवर्तन निदेशालय और राज्य पुलिस की मदद से यह छापेमारी की गई है। इस छापेमारी में सबसे ज्यादा गिरफ्तारी केरल में हुई। इस बीच एनआईए द्वारा पहले दर्ज एक मामले में जांच एजेंसी ने हैदराबाद के चंद्रयानगुट्टा में तेलंगाना पीएफआई मुख्यालय को सील कर दिया है। पुणे के कोढ़वा इलाके में भी छापेमारी चल रही है। छापेमारी के दौरान केरल में 22 लोगों के अलावा कर्नाटक और महाराष्ट्र में 20-20 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। इसके बाद सबसे ज्यादा 10 गिरफ्तारी तमिलनाडु से की गई है। इसी क्रम में असम से 9, उत्तर प्रदेश से 8, आंध्र प्रदेश से पांच, मध्य प्रदेश से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया जबकि दिल्ली और पुड्डुचेरी से भी 3-3 लोग पकड़े गए हैं। राजस्थान से भी दो गिरफ्तारियां हुई हैं।

सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र में भी पीएफआई के ठिकानों पर एनआईए का सर्च ऑपरेशन चल रहा है। महाराष्ट्र में कुछ पीएफआई नेताओं को एनआईए ने हिरासत में लिया है। पीएफआई पर देश में हिंसा भड़काने, आतंकवादी हमले कराने, दंगे फसाद और टेरर फंडिंग जैसे गंभीर आरोप हैं। पीएफआई के डी कंपनी के साथ भी कनेक्शन की बात सामने आ रही है। ऐसे में एनआईए को जांच के बाद पुख्ता सबूत भी मिल सकते हैं। सूत्रों की मानें तो उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इंदिरा नगर इलाके से मोहम्मद वसीम उर्फ बबलू को एनआईए ने हिरासत में लिया है। आरोपित वसीम कपड़ा सिलने का काम करता है। इसके अलावा एनआईए और एटीएस की चार टीमें यूपी में छापेमारी कर रही है।

एनआईए ने लखनऊ से दो लोगों को हिरासत में लिया, कई जिलों में हो रही छापेमारी

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button