उत्तर प्रदेशलखनऊ

योगी सरकार के प्रतिनिधिमंडल का लंदन में यूपी के प्रवासियों ने किया स्वागत

  • वित्त मंत्री सुरेश खन्ना व अपर मुख्य सचिव औद्योगिक विकास अरविंद कुमार पहुंचे लंदन

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को उत्तर प्रदेश में आमंत्रित करने के लिए लंदन पहुँचे योगी सरकार के प्रतिनिधि मंडल का उत्तर प्रदेश के प्रवासियों ने लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर आज गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे उप्र सरकार के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना व अपर मुख्य सचिव औद्योगिक विकास अरविंद कुमार ब्रिटिश एयरवेज़ की उड़ान संख्या बीए 256 से आठ दिसंबर को लंदन समयानुसार अपराह्न 3ः45 पर (भारतीय समयानुसार रात 9ः15 बजे) अन्य अधिकारियों के साथ हीथ्रो हवाई अड्डे पर पहुँचे। वहाँ ग्लोबल टैक्सपेयर्स ट्रस्ट के यूके संयोजक सीए अजय अग्रवाल ने उत्तर प्रदेश के अनेक प्रवासी भारतीयों के साथ प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का बुके देकर स्वागत किया।

लंदन में विगत दो दशकों से उत्तर प्रदेश के प्रवासी भारतीय अजय अग्रवाल चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की शीर्ष संस्था के द इंस्टिट्यूट ऑफ़ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ़ इंडिया के यूके चौप्टर के नेशनल प्रेसिडेंट भी हैं। दरअसल उत्तर प्रदेश में अगले साल 10 से 12 फ़रवरी को आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों को लेकर योगी सरकार के वरिष्ठ मंत्री व प्रमुख अधिकारियों की आठ टीमें 18 देशों की यात्रा पर रवाना हो रही हैं। इस क्रम में यह पहली टीम आठ दिसंबर को लंदन पहुँची है। वित्त मंत्री खन्ना के साथ ही उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास का प्रशासनिक नेतृत्व कर रहे अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार की मौजूदगी से भी लंदन के निवेशक ख़ासे उत्साहित हैं।

उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर इकनॉमी बनाने के योगी सरकार के प्रयासों में हमेशा से सहयोगी रहे ग्लोबल टैक्सपेयर्स ट्रस्ट के चेयरमैन मनीष खेमका ने कहा कि लंदन अंतरराष्ट्रीय निवेशकों का एक बड़ा केंद्र है। साथ ही यहाँ भारत के लक्ष्मी निवास मित्तल, हिंदुजा बंधु, लॉर्ड स्वराज पॉल व लॉर्ड रॉमी रेंजर जैसे अनेक प्रतिष्ठित प्रवासी उद्योगपतियों की बड़ी संख्या है। वित्त मंत्री खन्ना व अपर मुख्य सचिव औद्योगिक विकास अरविन्द कुमार को यहाँ भेज योगी सरकार ने सूझ-बूझ का काम किया है। इस सशक्त टीम के माध्यम से योगी सरकार मौक़े पर ही निवेशकों की जिज्ञासाओं का समाधान व जायज़ माँगो पर निर्णय लेकर उत्तर प्रदेश में ख़ासा निवेश आकर्षित कर सकती है।

ग़ौरतलब है कि खेमका पूर्व में तत्कालीन औद्योगिक विकास मंत्री महाना के लंदन दौरे में भी निवेश जुटाने में अहम भूमिका निभा चुके हैं। तब भी प्रवासी भारतीयों के साथ डिनर डिप्लोमैसी समेत निवेश से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित करने में खेमका ने महत्वपूर्ण योगदान दिया था। लंदन में भारतीय उच्चायोग द्वारा निवेश से संबंधित अनेक बैठकें व आयोजन प्रस्तावित हैं जिनमें यह प्रतिनिधिमंडल भाग लेगा।

मनीष खेमका ने बताया कि लंदन में योगी सरकार के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करने वाले लोगों में प्रमुख रूप से उप्र के राजेश विश्वकर्मा, रंजीत कुमार, मधुरेश मिश्रा, सुमित जालान, मामित अग्रवाल, मनीष गुप्ता, रश्मि मिश्रा, विपुल भूटानी व फ्लाई पॉप एयरलाइंस के महेंद्र सिंह जडेजा समेत अनेक प्रवासी भारतीय शामिल थे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button