देशबड़ी खबर

पीएम आज मुंबई व कर्नाटक को देंगे करोड़ों की सौगात, BKC ग्राउंड के आस-पास उड़ानों पर पाबंदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बृहस्पतिवार को मुंबई और कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे और इस दौरान करोड़ों की परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। पीएम महाराष्ट्र में बुनियादी ढांचे, शहरी यात्रा को आसान बनाने और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी 38,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। वहीं, कर्नाटक में 10,800 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे।

प्रधानमंत्री महाराष्ट्र में करीब 12,600 करोड़ रुपये की लागत वाली मुंबई मेट्रो रेल लाइन 2ए और 7 राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन लाइनों का शिलान्यास पीएम मोदी ने ही 2015 में किया था। प्रधानमंत्री बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में एमएमआरडीए मैदान में आयोजित होने वाले एक समारोह में सात सीवेज उपचार संयंत्रों, एक सड़क परियोजना और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के पुनर्विकास के लिए आधारशिला भी रखेंगे।

उड़ान संबंधी गतिविधियां रहेंगी बंद

प्रधानमंत्री की मुंबई यात्रा के दौरान बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) और आस-पास के इलाकों में उड़ान संबंधी गतिविधियां बंद रहेंगी। प्रधानमंत्री बृहस्पतिवार को यहां एमएमआरडीए मैदान में आयोजित होने वाले एक समारोह में भाग लेंगे। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान ड्रोन और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों की भी अनुमति नहीं दी जाएगी।

मुंबई पुलिस ने बुधवार को जारी एक आदेश में कहा कि गुरुवार को बीकेसी, अंधेरी, मेघवाड़ी और जोगेश्वरी जैसे चार पुलिस स्टेशनों के अधिकार क्षेत्र के तहत ड्रोन, पैराग्लाइडर और रिमोट से नियंत्रित माइक्रो-लाइट एयरक्राफ्ट के उपयोग सहित उड़ान गतिविधियों की अनुमति दोपहर से आधी रात तक नहीं दी जाएगी। आदेश में कहा गया है कि आतंकवादी या असामाजिक तत्व ड्रोन, पैराग्लाइडर और रिमोट से संचालित हल्के एयरक्राफ्ट का उपयोग करके हमला कर सकते हैं, इसलिए इस तरह की उड़ान गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है।

कर्नाटक मेें इन परियोजनाओं की करेंगे शुरुआत : पीएम मोदी दोपहर करीब 12 बजे कर्नाटक के यादगिरि जिले के कोडेकल में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग विकास परियोजना के अलावा सिंचाई, पेयजल से संबंधित विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इसके बाद मोदी दोपहर करीब सवा दो बजे, कलबुर्गी जिले के मलखेड पहुंचेंगे। हाल ही में प्रधानमंंत्री की यह दूसरी कर्नाटक यात्रा होगी।

शांति भंग होने की आशंकाओं से बचने के लिए उठाया गया कदम

आदेश में कहा गया है कि शांति भंग होने और सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश की पूरी आशंका है और इससे मानव जीवन, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सार्वजनिक संपत्ति को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। इसलिए सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंकाओं से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा बढ़ा दी गई है क्योंकि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अति विशिष्ट व्यक्तियों (वीआईपी) के बीकेसी में शामिल होने की उम्मीद है।

कुछ सड़कों पर बंद रहेगा यातायात

कुछ सड़कों को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। प्रधानमंत्री के दौरे से पहले कुछ सड़कों पर यातायात के मार्ग में बदलाव किया जाएगा। इस बीच उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं ने तैयारियों का जायजा लेने के लिए विशेष पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त आयुक्त (कानून व्यवस्था) सत्यनारायण चौधरी और अन्य शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ बुधवार दोपहर एमएमआरडीए मैदान का दौरा किया।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button