खेल-खिलाड़ीबड़ी खबर

आस्ट्रेलिया के आरोन फिंच ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा

मेलबर्न। आस्ट्रेलिया के सबसे सफल टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज और 2021 में टी20 विश्व कप जिताने वाले कप्तान आरोन फिंच ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। 36 वर्ष के फिंच हालांकि बिग बैश लीग और घरेलू टी20 मैचों में खेलते रहेंगे। क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने ट्वीट किया ,‘‘हमारे विश्व कप विजेता और सबसे लंबे समय तक टी20 कप्तान रहने वाले आरोन फिंच ने खेल को अलविदा कहने का फैसला किया है। अपने योगदान के लिये धन्यवाद आरोन फिंच।’’ फिंच का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेना तय माना जा रहा था। उन्होंने पिछले साल वनडे क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया और आखिरी टेस्ट भी 2018 में खेला था।

उनकी कप्तानी में आस्ट्रेलिया ने दुबई में न्यूजीलैंड को हराकर टी20 विश्व कप 2021 जीता था। पिछले साल हालांकि अपनी सरजमीं पर टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में आस्ट्रेलियाई टीम नहीं पहुंच सकी। फिंच ने आखिरी टी20 मैच भी उसी टूर्नामेंट में खेला जब आस्ट्रेलिया की आयरलैंड पर 42 रन से जीत में उन्होंने 63 रन बनाये थे। फिंच ने यहां पत्रकारों से कहा ,‘‘ मैं 2024 टी20 विश्व कप तक नहीं खेल सकूंगा लिहाजा मेरे लिये अब पीछे हटने का सही समय है ताकि टीम आगे के बारे में सोच सके।’’ फिंच ने आस्ट्रेलिया के लिये पांच टेस्ट में 278 रन, 146 वनडे में 5406 रन बनाये और 103 टी20 खेलकर 3120 रन बनाये जिसमें दो शतक और 19 अर्धशतक शामिल हैं।

जनवरी 2011 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने के बाद से उन्होंने सभी प्रारूपों में 8804 रन बनाये हैं जिसमें 17 वनडे शतक और दो टी20 शतक शामिल हैं। उन्होंने रिकॉर्ड 76 टी20 मैचों में आस्ट्रेलिया की कप्तानी की। टी20 क्रिकेट में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड भी उनके नाम है जब 2018 में हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने 76 गेंद में 172 रन बनाये थे। फिंच आईसीसी वनडे विश्व कप 2015 जीतने वाली आस्ट्रेलियाई टीम में भी थे।

उन्होंने कहा ,‘‘ आप टीम की कामयाबी के लिये ही खेलते हैं। टी20 विश्व कप जीतना और अपनी धरती पर वनडे विश्व कप हासिल करना मेरे कैरियर की सबसे सुनहरी यादें हैं। बारह साल तक आस्ट्रेलिया के लिये खेलना और महानतम खिलाड़ियों के खिलाफ खेलना फख्र की बात है।’’ उन्होंने कहा कि वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलते रहेंगे। उन्होंने कहा ,‘‘ उम्मीद है कि मैं ब्रिटेन में द हंड्रेड खेल सकूंगा।’’ वह आईपीएल और भारत में होने वाले वनडे विश्व कप के दौरान कमेंट्री भी करेंगे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button