उत्तर प्रदेशकानपुर

अन्तरराज्यीय बस अड्डा झकरकटी के बहुरने वाले हैं दिन

कानपुर। औद्योगिक नगरी में जीटी रोड पर स्थित अंतरराज्यीय झकरकटी बस अड्डे के पुनर्विकास के लिए पीपीपी मॉडल पर अडानी, शालीमार इंफ्रा जैसी कम्पनियों ने निविदा डाली है। शहर में हुए इन्वेस्टर समिट में भी प्रेजेंटेशन का लाभ मिला है। विभिन्न राज्यों से आए निवेशकों ने भी इसमें काफी रुचि दिखाई है। अतिशीघ्र ही कम्पनी को जिम्मेदारी मिलने की उम्मीद है।

कानपुर रीजन के आरएम लव कुमार ने बताया कि अन्तरराज्यीय बस अड्डा झकरकटी के दिन बहुरने वाले हैं। अडानी ग्रुप के साथ ही शालीमार इंफ्रा कम्पनी समेत कई कम्पनियों ने इस स्टेशन के विकास में रुचि दिखाई है। जल्द ही परिवहन निगम कम्पनी का चयन कर यहां विकास का कार्य शुरू कराएगा। इस स्टेशन को प्राइवेट पब्लिक पार्टनरशिप मॉडल पर विकसित किया जाना है। यहां 70 प्लेटफार्म बनेंगे, एक होटल भी बनेगा। मेट्रो कनेक्टिविटी भी इसमें प्रमुख भूमिका निभा रही है।

अन्य राज्यों के लिए बसें चलाने की योजना

झकरकटी बस स्टेशन से दिल्ली, उत्तराखंड के लिए बसें चल रही हैं। अन्य राज्यों के लिए बसें चलाने की योजना है। फिलहाल यहां से हर दिन 12 सौ से अधिक बसों का संचालन होता है। यात्री सुविधा के नाम पर यहां कुछ भी नहीं है। अब इसे मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित किया जाना है। चार हजार वर्ग मीटर का एसी वेटिंग हॉल, विभिन्न शहरों की ओर जाने वाली बसों के लिए अलग-अलग प्लेटफार्म, दो पहिया और चार पहिया वाहनों के लिए अंडरग्राउंड पार्किंग, रेस्टोरेंट आदि सुविधाएं यहां बढ़ाई जानी है।

कम्पनी चयन के लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही। कई कम्पनियां आगे आईं हैं। जो मानक पर खरी उतरेगी उनका चयन जल्द हो जाएगा। बस अड्डे को कम्पनी को 90 वर्ष की लीज पर दिया जाएगा। यूपीएसआरटीसी इसका किराया लेगा। इससे निगम को दोहरी कमाई होगी।

यात्री सुविधाएं सबसे पहले

बस अड्डे के पुर्नविकास के लिए यात्री सुविधाओं पर सबसे ज्यादा फोकस किया गया है। जिसमें टीवी, ब्रॉडबैंड और अनाउंसमेंट सिस्टम से लैस एसी वेटिंग हॉल होगा। यहां पर टिकट रिजर्वेशन का एक विस्तार काउंटर भी बनाया जाएगा। ठहरने के लिए होटल भी बनेगा ताकि रात्रि के समय बस से उतरने के बाद होटल खोजने की झंझट न रहे। पार्सल बुकिंग के लिए भी कंपनी का चयन जल्द ही कर लिया जाएगा। इसके लिए मुख्यालय को कई प्रस्ताव भी मिले हैं। साईं श्रद्धा के पार्सल बुकिंग का कार्य छोड़ने के बाद कंडक्टरों द्वारा ही सामान बुक किया जा रहा था। अब किसी निजी कंपनी के हाथ में ही यह व्यवस्था दोबारा होगी।

इन सुविधाओं से होगा लैस

आरएम ने बताया कि दो हजार वर्ग मीटर में एलईडी, ब्रॉडबैंड, अनाउंसमेंट सिस्टम, टिकट काउंटर से लैस वेटिंग हॉल,500 दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग, 150 चार पहिया वाहनों की पार्किंग,रेलवे स्टेशन के लिए क्लॉक रूम, पांच मंजिला मुख्य बिल्डिंग,तीन खंड पर डॉरमेट्री और रेस्ट रूम, दो नामी-गिरामी कम्पनियों के होंगे फूड आउटलेट, सात बैंक लगाएंगी एटीएम, 100 वर्ग मीटर में होगा टिकट काउंटर,500 वर्ग मीटर में स्वास्थ्य सेवाएं, दो मेडिकल स्टोर (01 एलोपैथिक और 01 जेनेरिक), तीन 108 एम्बुलेंस हमेशा बस अड्डे से कनेक्ट रहेंगी।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button