उत्तर प्रदेशलखनऊ

यूपी विधानसभा में जोरदार हंगामा, शिवपाल के सवाल पर भड़के डिप्टी सीएम, बोले -ये हैं ढोंगी समाजवादी

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही के दौरान जोरदार हंगामा हुआ है। राज्यपाल के बजट अभिभाषण पर चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी नेता और विधानसभा सदस्य शिवपाल यादव ने यूपी में सरकारी अस्पतालों की बदहाली को लेकर अपनी बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार लाख दावों के बाद भी स्वास्थ्य सेवाओं को ठीक नहीं कर पा रही है। इसके जवाब में यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान अस्पतालों की दुर्दशा और स्वास्थ्य घोटालों के लिए समाचार पत्रों में छपी ख़बरों का हवाला दिया।

उन्होंने कहा कि सपा सरकार में डॉक्टरों की भर्ती से लेकर दवाओं की सप्लाई तक में भ्रष्टाचार का बोलबाला था। हमारी सरकार ने इस क्षेत्र में बेहतरीन काम किया है। ब्रजेश पाठक ने इस बीच समाजवादियों को ढोंगी करार दिया। इतना सुनते ही सपा सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। सदन में विपक्ष ने जोरदार नारेबाजी की। भाजपा सरकार के विरोध में तकरीबन 10 मिनट तक सपा के सदस्य कुर्सी छोड़कर नारे लगते रहे।  इस सबके बीच विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने डिप्टी सीएम को बैठने की गुजारिश की।

विधानसभा में प्रश्नकाल के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ सदस्य शिवपाल सिंह यादव ने नियम-56 के तहत स्वास्थ्य विभाग का मामला उठाते हुए कहा कि उप्र की स्‍वास्‍थ्‍य व्‍यवस्‍था खराब हालत में है और स्वास्थ्य महकमा वेंटिलेटर पर है। यादव के जवाब में उपमुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादियों पर निशाना साधते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि ”समाजवाद से इनका कोई लेना देना नहीं है, ये नकली समाजवादी हैं, ये ढोंगी समाजवादी हैं, ये अराजकता फैलाते हैं।” पाठक के इतना कहते ही सपा सदस्य नारेबाजी करते हुए वेल (अध्यक्ष के आसन के सामने) में आ गये और उपमुख्‍यमंत्री और सरकार के विरोध में नारे लगाने लगे। इस बीच उपमुख्‍यमंत्री ने भी सपा के खिलाफ बोलना जारी रखा।

हंगामा बढ़ते देख विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने उप मुख्‍यमंत्री को बोलने से रोकते हुए बैठने का अनुरोध किया तो वह (पाठक) अपनी सीट पर बैठ गये। इसके बाद भी कुछ देर तक सपा सदस्य नारेबाजी करते रहे। अध्यक्ष ने चेतावनी के साथ वरिष्ठ सदस्यों से अनुरोध किया तो सपा सदस्य अपनी सीट पर वापस लौट आये। इसके पहले अपने संबोधन की शुरुआत में ही शिवपाल यादव ने उपमुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक पर तंज कसते हुए कहा कि ये पहले कांग्रेस में थे, फिर बहुजन समाज पार्टी से लोकसभा सदस्य और राज्‍यसभा सदस्‍य बने और फिर भाजपा में आकर उपमुख्यमंत्री हो गये।

यादव ने बृहस्पतिवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान समाजवादियों पर पाठक द्वारा की गयी टिप्पणी का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा के लोगों आप अटल बिहारी वाजपेयी और दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों पर चलना सीखो, उन्होंने कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। यादव ने पाठक को छापामार मंत्री करार देते हुए कहा कि कोई इनकी सुनता नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का पूरा बजट खर्च हो गया होता तो बहुत सी समस्या हल हो गयी होती।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button