उत्तर प्रदेशबड़ी खबरमुरादाबाद

TMU के दीक्षांत समारोह में मुख्यमंत्री बोले- 2047 में भारत दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनेगा, विश्वविद्यालयों को बनना होगा केंद्र

मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2047 में भारत दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनेगा। इसका केंद्र विश्वविद्यालयों को ही बनना होगा। प्रधानमंत्री के पंच प्रण के संकल्प को साकार करने का आह्वान करते हुए कहा कि देश की आजादी के शताब्दी समारोह के दौरान भारत को महाताकत के रुप में उभारने के लिए कार्य करना है।

गुलामी की सभी निशानियां मिटाकर देश की गौरवशाली विरासत का सम्मान करने के लिए हम सब मिलकर काम करेंगे। मुख्यमंत्री ने हर घर तिरंगा, अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर, काशीधाम, बाबा केदारनाथ धाम का भव्य निर्माण के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि मौलिक अधिकारों के साथ नागरिकों के मौलिक कर्तव्य भी महत्वपूर्ण है। क्योंकि कर्तव्य हमें उत्श्रृंखल नहीं होने देगा।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 5988 मेधावियों को उपाधियां प्रदान करने और गोल्ड मेडल पहनाने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कोरोना त्रासदी के दौरान 220 करोड़ डोज लोगों को मुफ्त टीका लगाने को बड़ी उपलब्धि बताई।

कहा कि न सिर्फ अपने देश के लोगों बल्कि दूसरे देशों को भी वैक्सीन की मदद की। कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया है। आज हम ब्रिटेन को पछाड़कर दुनिया की पांचवीं आर्थिक शक्ति बने हैं। कहा कि 2047 में भारत को दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनाने में राष्ट्रीय शिक्षा नीति सार्थक होगी। यह हर युवा को साबित करने का अवसर प्रदान करेगी।

उन्होंने जीन थेरेपी का भी जिक्र कर वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने पर भी जोर दिया। इसके पहले दीक्षांत समारोह को मुख्यमंत्री के अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश सरकार में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, टीएमयू के कुलाधिपति सुरेश जैन आदि ने दीप प्रज्जवलित कर आरंभ किया।

मुख्यमंत्री ने उपाधियां, मेडल, डिग्रियां प्राप्त करने वाले मेधावियों और उनके अभिभावकों को बधाई देकर उनके स्वर्णिम भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में दीक्षांत समारोह प्राचीन गुरुकुलों की समावर्तन समारोह परंपरा का वाहक है। सत्य के मार्ग पर चलना ही धर्माचरण है। मुख्यमंत्री ने पठन पाठन के कर्तव्य से विमुख न होकर अपनी परंपरा का पालन, मातृ देवो भव, पितृ देवो भव, आचार्य देवो भव, अतिथि देवो भव की परंपरा का पालन सुयोग्य नागरिक बनने के लिए आवश्यक बताया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय मुरादाबाद ही नहीं देश में श्रेष्ठ है। उन्होंने मुरादाबाद में राजकीय विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा बजट में करने के लिए जिले के लोगों की ओर से आभार जताया। प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि चिकित्सक बनना सौभाग्य की बात है। उन्होंने मेधावियों की मेहनत को सराहा। कहा कि चिकित्सक मरीज के लिए भगवान के समान है इस विश्वास को कायम रखने की जिम्मेदारी निभाने के लिए अब आपको तैयार रहना होगा।

विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, विधान परिषद सदस्य डा. जयपाल सिंह व्यस्त, गोपाल अंजान, सत्यपाल सैनी, नगर विधायक रितेश कुमार गुप्ता, राकेश कुमार महानिदेशक ईपीसीएच, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. शेफाली सिंह आदि ने मेधावियों की सफलता पर शुभकामनाएं दीं। इसके पहले कुलाधिपति सुरेश जैन ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर स्वागत भाषण में तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के शुरू करने की घोषणा कुलाधिपति ने की। सरस्वती मां शारदे वंदना विश्वविद्यालय की छात्राओं ने किया। कुलपति प्रो रघुवीर सिंह ने विश्वविद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत किया। ईपीसीएच के महानिदेशक राकेश कुमार को डाक्टरेट की मानद उपाधि दी गई।

महावीर स्वामी सहित अन्य महापुरुषों का जीवन अनुकरणीय

मुख्यमंत्री ने तीर्थंकर महावीर के बारे में कहा कि इस विश्वविद्यालय में पढ़ने वालों को उनके बारे में जानना चाहिए। वह 24वें तीर्थंकर हैं। इसके पहले के तीर्थंकर ने समाज को दिशा दी। महापुरुषों के जीवन मूल्यों से सीखने के जरूरत है। सत्य एक है उसकी व्याख्या अलग हो सकती है, लेकिन लक्ष्य एक है। उन्होंने कहा कि यहां अध्धयन और शोध करने वाले छात्र छात्राएं इन तीर्थंकर महावीरों के बारे में जानें और जीवन को उत्कृष्ट बनाएं। मुख्यमंत्री ने लोगों का आह्वान किया कि गुलामी की हर निशानी को मिटाकर देश की गौरवशाली परंपरा और विरासत के साक्षी बनें। इसका सम्मान करें। इसके लिए मिलकर काम करने का संकल्प दिलाया। हर घर तिरंगा, अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर, काशीधाम, बाबा केदारनाथ धाम का भव्य निर्माण के संकल्प को दोहराया।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button