देशबड़ी खबर

लंदन में खालिस्तान समर्थकों ने किया तिरंगे का अपमान, भारत ने ब्रिटिश राजनयिक को तलब कर जताई नाराजगी

नई दिल्ली।  लंदन में भारतीय उच्चायोग के बाहर खालिस्तान समर्थकों द्वारा भारतीय झंडे को हटाने को लेकर भारत ने कड़ा विरोध जताते हुए राष्ट्रीय राजधानी में रविवार रात ब्रिटेन के वरिष्ठ राजनयिक को तलब किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने टि्वटर पर जानकारी देते हुए बताया कि भारत में ब्रिटेन के वरिष्ठ राजनयिक को तलब करते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।

भारत ने लंदन में भारतीय उच्चायोग परिसर में खालिस्तानी समर्थकों के प्रवेश करने और भारतीय झंडे को हटाकर खालिस्तान के झंडे लहराने पर स्पष्टीकरण की भी मांग की। भारत ने यह भी कहा कि ब्रिटेन में भारतीय राजनयिक परिसर और कर्मियों की सुरक्षा के लिए ब्रिटेन सरकार की उदासीनता अस्वीकार्य है। विदेश मंत्रालय के देर रात जारी बयान में अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार किए जाने और उन पर मुकदमा चलाया जाने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाने की मांग की गई है।

आपको बता दें कि सैंकड़ों की संख्या में खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में रविवार शाम को लंदन में भारतीय हाई कमीशन के बाहर जमा हुए। बिल्डिंग में घुसे और तिरंगा उतार दिया। भारत ने इस पर सख्त ऐतराज जताया और दिल्ली में ब्रिटिश हाई कमिश्नर को तलब किया। इस बीच, हाई कमीशन पर अब पहले से ज्यादा बड़ा तिरंगा लगा दिया गया है।

इससे पहले हाई कमीशन पहुंचे खालिस्तान समर्थकों के हाथ में खालिस्तानी झंडा और अमृतपाल सिंह के पोस्टर थे। पोस्टर्स पर लिखा, ‘फ्री अमृतपाल सिंह’ (अमृतपाल सिंह को आजाद करो), ‘वी वॉन्ट जस्टिस’ (हमें न्याय चाहिए) और ‘वी स्टैंड विथ अमृतपाल सिंह’ (हम अमृतपाल के साथ हैं)। एक शख्स को ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ कहते हुए भी सुना गया।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button