देशबड़ी खबर

केजरीवाल की पेशी को लेकर सीबीआई मुख्यालय के बाहर रहेगी कड़ी सुरक्षा

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीबीआई मुख्यालय के बाहर अर्धसैनिक बलों के कर्मियों समेत 1000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात करेगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। केजरीवाल को अब निरस्त कर दी गयी दिल्ली की आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं के सिलसिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने गवाह के रूप में तलब किया है।

अधिकारियों ने बताया कि राउज एवेन्यू में स्थित आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यालय के बाहर भी सुरक्षा कड़ी की जाएगी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इन दोनों ही स्थानों पर सड़कों पर पर्याप्त संख्या में अवरोधक भी लगाये जायेंगे ताकि आप कार्यकर्ता एवं समर्थक कोई समस्या खड़ी नहीं करे। उन्होंने कहा, हमने सुरक्षा का व्यापक इंतजाम किया है। चूंकि वह मुख्यमंत्री हैं इसलिए उनकी सुरक्षा के लिए निश्चित ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होगी।

सीबीआई मुख्यालय के बाहर अर्धसैनिक बलों के कर्मियों समेत 1000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किये जाएंगे ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। सीबीआई की ओर से जारी नोटिस के अनुसार ब्यूरो ने केजरीवाल को आबकारी नीति मामले में बतौर गवाह जांच दल के प्रश्नों का उत्तर देने के लिए रविवार पूर्वाह्न 11 बजे अपने मुख्यालय में बुलाया है।

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को पिछले महीने इस मामले में गिरफ्तार किया गया था। आप ने इस मामले को अपने नेताओं के खिलाफ साजिश बताया है। सीबीआई अधिकारियों ने कहा है कि उन्होंने केजरीवाल को रविवार को पेश होने को कहा है क्योंकि इस क्षेत्र में उस दिन कार्यालय बंद रहते हैं। सीबीआई ने जब सिसोदिया को अपने मुख्यालय बुलाया था तब भी उसने यही रणनीति अपनायी थी।

उसने तब आठ घंटे तक पूछताछ करने के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया था। इन आरोपों का संबंध दिल्ली सरकार की 2021-22 की आबकारी नीति से है। सीबीआई शराब कारोबारियों द्वारा लाइसेंस पाने के लिए रिश्वत दिये जाने के आरोपों की जांच कर रही है। आप ने इन आरोपों का जोरदार खंडन किया है लेकिन उसकी सरकार ने बाद में यह नीति निरस्त कर दी थी।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button