उत्तर प्रदेशबड़ी खबरसहारनपुर

सहारनपुर में गरजे सीएम योगी, कहा- अब उपद्रव और माफिया नहीं, बल्कि महोत्‍सव है यूपी की पहचान

सहारनपुर। मुख्‍यमंत्री योगी ने सोमवार को विपक्ष की पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उपद्रव एवं माफिया नहीं बल्कि उत्‍सव एवं महोत्‍सव उत्‍तर प्रदेश की पहचान है।’ मां शाकंभरी और बाला सुंदरी की पवित्र भूमि सहारनपुर से सोमवार को नगर निकाय चुनाव प्रचार की शुरुआत करते हुए योगी आदित्‍यनाथ ने चुनावी जनसभा में अपनी सरकार की सिलसिलेवार उपलब्धियां गिनायीं और ”रंगदारी न फिरौती, अब यूपी नहीं किसी की बपौती” और ”आज यूपी में न कर्फ्यू न दंगा, आज यूपी में सब ओर चंगा” जैसे नारे दिये।” उन्‍होंने कहा, ”अब उपद्रव नहीं, उत्‍सव हमारी पहचान है, माफिया नहीं, महोत्‍सव हमारी पहचान है।”

उन्‍होंने पिछली सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा,”2017 से पहले सरकारों को दंगा कराने से फुर्सत नहीं थी लेकिन आज उत्तर प्रदेश में कहीं कर्फ्यू नहीं लगता। अब तो कांवड़ यात्रा निकलती है। पहले नौजवानों पर झूठे मुकदमे होते थे। पहले शोहदों का आतंक रहता था और बेटियां घर से निकलने में डरती थी और आज उत्तर प्रदेश में भयमुक्त माहौल है।”

उन्‍होंने कहा कि यह चुनाव डबल इंजन की सरकार के साथ तीसरे इंजन को जोड़ने के लिए हो रहा है जिसमें नगर निगमों के महापौर, पार्षद, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अध्‍यक्षों और सभासदों को कमल निशान पर मत देकर चुनाव जिताना है और जब बहुमत का उनका बोर्ड बनेगा तो दिल्ली से जो पैसा आएगा उसका सदुपयोग होगा।”

उन्होंने कहा, ”हमें तय करना है कि हमें 2017 के पहले की जातिवादी सरकारें चाहिए या फिर गरीब कल्‍याण के लिए समर्पित सरकार चाहिए।” उन्‍होंने कहा कि ”हमें तय करना होगा कि युवाओं के हाथ में तमंचे हों या युवाओं के हाथ में टैबलेट और स्मार्टफोन हो। हमें तय करना है कि गलियों में अपराधियों की गोलियों की तड़तड़ाहट होनी चाहिए या फिर भजन गंगा का प्रवाह सुनाकर लोगों के जीवन में परिवर्तन।”

योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘ मां शाकंभरी का आशीर्वाद मिले, मैं इसलिए यहां से चुनाव प्रचार की शुरुआत कर रहा हूं। हमने जाति, मजहब या किसी का चेहरा देखे बिना सभी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया। ’’ उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में सहारनपुर विकास की एक नई आभा के साथ देश और दुनिया के सामने चमकता हुआ दिखाई दे रहा है। उन्‍होंने सहारनपुर के लिए विकास योजनाओं को भी विस्तार से बताया।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button