देशबड़ी खबर

MVA में लोकसभा सीटों के बंटवारे का फार्मूला तय नहीं, हमारी 19 सीटें हमारे पास ही रहेंगी: संजय राउत

मुंबई। शिव सेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने शुक्रवार को कहा कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे के फार्मूले को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है, लेकिन पिछले चुनाव में शिव सेना (अविभाजित) द्वारा जीती गई 19 सीटें उनकी पार्टी के पास ही रहेंगी।

नांदेड़ में पत्रकारों से राउत ने कहा कि शिव सेना (अविभाजित) ने 2019 के लोकसभा चुनावों में महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से 18 और दमन और दीव में एक सीट जीती थी। हालांकि अविभाजित शिव सेना ने राज्य में पिछले आम चुनावों में 18 सीटें जीती थीं, लेकिन पार्टी नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह के बाद 13 सांसद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिव सेना में शामिल हो गए।

उन्होंने कहा, ‘‘भले ही कुछ मौजूदा सांसद दलबदल कर गए हों, लेकिन सीटें शिव सेना ने जीती हैं और वे हमारे पास ही रहेंगी।’’ उन्होंने कहा कि एमवीए के घटक राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) द्वारा जीते गए चार निर्वाचन क्षेत्र और कांग्रेस द्वारा जीता गया एक निर्वाचन क्षेत्र भी उनके पास ही रहेगा। शिव सेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य ने कहा कि एमवीए एकजुट है और तीनों सहयोगियों के बीच कोई मतभेद नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम लोकसभा और विधानसभा चुनावों में एकजुट होकर लड़ेंगे और मौजूदा सरकार को हराएंगे।’’ राउत ने कहा कि सीट बंटवारे का कोई फॉर्मूला अभी तय नहीं किया गया है क्योंकि बातचीत अभी शुरुआती चरण में है। लोकसभा चुनाव अप्रैल-मई 2024 में होने की उम्मीद है, जबकि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव अगले साल अक्टूबर-नवंबर में होने हैं।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button