देशबड़ी खबर

मोदी सरकार के नौ वर्षों में जानलेवा महंगाई, लूटी गई जनता की कमाई: कांग्रेस

नई दिल्ली। कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के नौ वर्षों में लोगों को जानलेवा महंगाई का सामना करना पड़ा और उनकी कमाई को भी ‘लूट लिया गया।’ प्रधानमंत्री मोदी ने 26 मई, 2014 को पहली बार पद की शपथ ली थी। यह बतौर प्रधानमंत्री उनका दूसरा कार्यकाल है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ट्वीट किया, ‘‘9 वर्षों में जानलेवा महंगाई, भाजपा ने लूटी जनता की कमाई ! हर ज़रूरी चीज़ पर जीएसटी की मार, बिगड़ा बजट, जीना दुश्वार ! अहंकारी दावे किए कि ‘महंगाई तो दिखती नहीं’ या “ये महंगी चीज़ हम खाते ही नहीं’।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘अच्छे दिनों से “अमृतकाल” की यात्रा, महंगाई से जनलूट की बढ़ती गई मात्रा !’’

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा, ‘‘अगले कुछ दिनों और हफ़्तों में हर तरफ़ पिछले 9 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी की तथाकथित “श्रेष्ठ उपलब्धियों” को प्रचारित-प्रसारित किया जाएगा। ख़ुद प्रधानमंत्री मोदी, उनके मंत्री, बीजेपी के अन्य नेता और उनके लिए ढोल पीटने वाले इस काम में लगे रहेंगे।

लेकिन ग़रीबी के कगार पर खड़े लोग, जिन्हें अपनी बुनियादी ज़रूरतों को पूरा करने में भी तरह-तरह की मुश्किलें आ रही हैं, वे एक ही बात पूछेंगे – क्या हमारा जीवन बेहतर हुआ है, या क्या हमारी आजीविका में सकारात्मक बदलाव आया है?’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसका स्पष्ट जवाब है – नहीं।’’

रमेश ने कहा, ‘‘ वर्ष 2014 से वास्तविक मज़दूरी में वृद्धि- कृषि मज़दूरों के लिए 0.8 प्रतिशत, गैर-कृषि मज़दूरों के लिए 0.2 प्रतिशत, निर्माण मज़दूरों के लिए 0.02 प्रतिशत। इसी बीच 2014 से बुनियादी जरूरत की वस्तुओं के मूल्यों में वृद्धि- एलपीजी में 169 प्रतिशत, पेट्रोल में 57 प्रतिशत,

डीजल में 78 प्रतिशत, सरसों के तेल में 58 प्रतिशत, आटे में 56 प्रतिशत और दूध में 51 प्रतिशत।’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘सच्चाई यह है कि एक विशेष व्यक्ति को छोड़कर, लगभग हर किसी की आय स्थिर हो गई है। 2014 से गौतम अडाणी की संपत्ति में 1,225 प्रतिशत का इज़ाफ़ा हुआ।’’

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button