उत्तर प्रदेशलखनऊ

देशवासियों को विद्युत आपूर्ति को लेकर किसी भी तरह की समस्या नहीं, ऊर्जा विभाग विद्युत आपूर्ति पूरी करने में सक्षम : मंत्री ए0के0 शर्मा

लखनऊ: प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए0के0 शर्मा ने कहा कि प्रचण्ड लू एवं भीषण गर्मी के कारण विद्युत मांग में रिकार्ड बढ़ोत्तरी हुई है। 13 जून, 2023 को 27,611 मेगावाट मांग के सापेक्ष विद्युत आपूर्ति सकुशल सुनिश्चित की गयी। इसके पहले 10 जून, 2023 को 26,672 मेगावाट मांग के सापेक्ष विद्युत आपूर्ति की गयी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेशवासियों को विद्युत आपूर्ति को लेकर किसी भी तरह की समस्या नहीं होगी। ऊर्जा विभाग बढ़ी हुई मांग के सापेक्ष विद्युत आपूर्ति करने में सक्षम है।

ऊर्जा मंत्री ए0के0 शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि उपभोक्ताओं को समस्या न हो, इसके लिए स्थानीय बाधाओं को जल्द से जल्द ठीक करने का प्रयास किया जाय। कहीं पर भी लो-वोल्टेज, अनवाश्यक विद्युत व्यवधान की समस्या न हो। प्रदेश सरकार ने जो भी शिड्यूल निर्धारित किया है उसके अनुरूप उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाय।

उन्होंने निर्देश दिये हैं कि जहां कहीं पर भी ट्रांसफार्मर की खराबी व जलने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो, इसके लिए ट्राली ट्रांसफार्मर की व्यवस्था की जाय, जिससे कि शीघ्र आपूर्ति चालू की जा सके। उन्होंने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि ऐसी विकट परिस्थितियों में धैर्य रखें। ऊर्जा के संरक्षण व बचाव के भी प्रयास करें। इस प्रकार के छोटे- छोटे प्रयास विद्युत उत्पादन के बराबर ही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा करने की भी अपील की।

मंत्री ए0के0 शर्मा ने निर्देश दिये कि बकायेदारों, विद्युत चोरी करने वाले कटियाबाजों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाय। बिजली चोरी रोकने के लिए आधुनिक तकनीकी का भी सहारा लिया जाय, जिससे बिना किसी व्यवधान के बिजली चोरी करने वालों को पकड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण हेतु प्रदेश में आरडीएसएस योजना के तहत कार्य कराया जा रहा है। इससे उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button