उत्तर प्रदेशलखनऊ

यात्रियों के साथ चालक एवं परिचालक करें अच्छा व्यवहार: एम.डी. परिवहन निगम

उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए बसों के संचालन में वृद्धि के साथ बसों एवं बस स्टेशनों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में कावड़ियों का हुजूम बस अड्डों पर उमड़ता है, इसके दृष्टिगत बसों की पर्याप्त व्यवस्था करने और पड़ोसी राज्यों खासतौर से उत्तराखण्ड के परिवहन विभाग के अधिकारियों से सम्पर्क में रहने के निर्देश दिये।

परिवहन मंत्री के निर्देशों के क्रम में परिवहन आयुक्त चन्द्रभूषण सिंह ने परिवहन आयुक्त उत्तराखण्ड के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर कांवड़ यात्रा के लिए आवश्यक प्रबंध एवं प्रवर्तन कार्रवाई किये जाने पर विचार-विमर्श किया। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के समस्त जनपदों एवं उत्तराखण्ड की ओर जाने वाली परिवहन निगम की बसों की संख्या में वृद्धि किये जाने की व्यवस्था करने पर चर्चा की गयी। इसके अतिरिक्त उत्तराखण्ड के निकटवर्ती जनपदों से जाने वाली बसों के फेरे में वृद्धि करने के साथ ही कांवड़ यात्रा से वापसी के समय कांवड़ियों को समस्या न हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में बसों की व्यवस्था करने पर बल दिया गया।

यूपी और उत्तराखण्ड के परिवहन आयुक्तों की वीडियो कॉन्फ्रेंस में हुए निर्णय के रूप में एम.डी. परिवहन निगम मासूम अली सरवर ने निर्देश दिये कि चालकों द्वारा किसी भी दशा में मादक पदार्थों का सेवन करते हुए बसों का संचालन न किया जाय। साथ ही उन्होंने परिवहन निगम की बसों में यात्रियों के साथ उचित व्यवहार करने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम की बसों में यात्रियों के साथ व्यवहार उसी प्रकार करना चाहिए जैसा व्यवहार हम अपने घर आये अतिथि का करते हैं। उन्होंने कहा कि चालकों एवं परिचालकों के परिवार का भरण-पोषण इन्हीं यात्रियों द्वारा व्यय किये गये पैसों पर होता है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button