उत्तर प्रदेशलखनऊ

मंत्री जितिन प्रसाद और मंत्री डा0 अरूण कुमार सक्सेना ने वृक्षारोपण जन अभियान-2023 के तैयारियों की समीक्षा

उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री, जितिन प्रसाद तथा पर्यावरण, वन, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), डॉ0 अरूण कुमार सक्सेना ने वन विभाग मुख्यालय में ‘अरण्य भवन‘ स्थित पारिजात कक्ष में वृक्षारोपण जन अभियान-2023 की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर राज्य मंत्री के0पी0 मलिक भी मौजूद थे।

इस अवसर पर मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि प्रदेश को हरा-भरा बनाने एवं वातावरण से कार्बन पृथक्कीकरण कर जलवायु परिवर्तन के प्रतिकूल प्रभावों को न्यून करने में लोक निर्माण विभाग एवं सड़क व पुल निर्माण करने वाली एजेंसियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, राज्य राजमार्ग प्राधिकरण एवं यूपीडा (यू0पी0ई0आई0डी0ऐ0) द्वारा अग्रिम मृदा कार्य, पौधशालाओं से पौध प्राप्त करने हेतु पौध आपूर्ति प्लान की विस्तृत समीक्षा कर लोक निर्माण विभाग को आवंटित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने, राष्ट्रीय राजमार्गों, हाइवे तथा सम्पर्क मार्गों के दोनों किनारों पर उपलब्ध स्थानों पर छायादार, शोभाकार एवं स्थानीय मृदा व जलवायु के अनुरूप पौध रोपित करने का निर्देश दिये।

मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि मात्र पौधारोपण कर ही आपकी जिम्मेदारी समाप्त नहीं हो जाती अपितु रोपित पौध की सुरक्षा व सिंचन भी सुनिश्चित करें, ताकि रोपित पौधे वृक्ष का रूप धारण कर समाज को प्रत्यक्ष व परोक्ष लाभों से निरन्तर लाभान्वित करते रहें। प्रदेशवासियों को वृक्षारोपण अभियान से जोड़कर वृक्षारोपण अभियान में सहभागिता प्राप्त करने हेतु उन्होंनेे वृक्षारोपण अभियान में निजी क्षेत्रों, गैर सरकारी संगठनों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं सहित समस्त प्रदेशवासियों का सहयोग प्राप्त करने तथा वन महोत्सव के अवसर पर वृक्षों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया।

अरूण कुमार सक्सेना ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा वृक्षारोपण को अभियान का रूप देकर विभिन्न राजकीय विभागों व व्यापक जन सहयोग से वृक्षारोपण करने का मुख्य उद्देश्य वर्तमान व भावी पीढ़ी को स्वस्थ व संतुलित पर्यावरण उपलब्ध करवा कर प्रदेश व देश के विकास में उनका सहयोग प्राप्त करना है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अभियान 2023 के अन्तर्गत 35 करोड़ पौध रोपण अभियान में व्यापक जन सहयोग व समुदाय की सहभागिता प्राप्त करने हेतु बाल पौध रोपण भण्डारा का आयोजन, नन्दन वन, ग्राम वन व आयुष वन का विकास, मनरेगा के अन्तर्गत नदियों व तालाबों एवं ग्रामीण क्षेत्र कीे सड़कों के किनारे वृक्षारोपण किया जा रहा है। उन्होंने वृक्षारोपण कार्यक्रमों से वरिष्ठ नागरिकों व महिलाओं को भी जोड़ने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में नगर विकास विभाग व ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम्य विकास विभाग तथा नोडल विभागों के माध्यम से निःशुल्क पौध उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

बैठक में अपर मुख्य सचिव, पर्यावरण, वन, जलवायु परिवर्तन मनोज सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक और विभागाध्यक्ष, ममता संजीव दुबे, वन विभाग व लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों व जिला स्तरीय अधिकारियों, लेाकभारती हरियाली अभियान रोली, महिला व युवक मंगल दल, स्वयंसेवी संगठनों, लायन्स क्लब, रोटरी क्लब, व्यापार मण्डल, काष्ठ आधारित उद्योगों के प्रतिनिधियों एवं नेहरू युवा केन्द्र, एनसीसी व स्काउट गाईड के साथ ही विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने प्रतिभाग किया।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button