उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

Kargil Vijay Diwas: कारगिल के शहीदों को सीएम योगी ने किया नमन, कहा- जांबाजी से जवानों ने पाकिस्तानियों को खदेड़ा

लखनऊ। देश में आज कारगिल विजय दिवस की 24 वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शहीदों को श्रद्धांजल‍ि अर्प‍ित करके नमन किया। सीएम योगी सुबह कारगिल शहीद स्मृति वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे और शहीदों को श्रद्धांजल‍ि देने के बाद उनके परिवारों से मुलाकात भी की।

इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि एक विषम परिस्थितियों में कारगिल युद्ध लड़ा गया था। इस दौरान हमारे जांबाजों ने अपनी जांबाजी से पाकिस्तानियों को भारत की धरती से खदेड़ दिया था। वहीं इस दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, नगर विकास मंत्री ए के शर्मा और लखनऊ मेयर सुषमा खर्कवाल ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

सीएम योगी ने अपने सम्बोधन में कहा कि देश के अंदर कारगिल युद्ध के दौरान और पूर्व के युद्ध और इसके बाद भी रक्षा करते हुए शहीद होने वाले परिवार का अभिनंदन करता हूं। एक विषम परिस्थितियों में कारगिल युद्ध लड़ा गया था। उस समय वैश्विक स्तर पर भारतीय सेना का लोहा सभी ने माना था। वहीं कुछ सवाल भी उठाए गए थे। लेकिन आज प्रत्येक भारतीय की सुरक्षा की गारंटी है। पीएम मोदी के नेतृत्व में अगर नागरिक अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेगा तो 2047 तक भारत दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बन जायेगा।

सीएम योगी ने आगे कहा कि आज देश में पीएम मोदी की अगुवाई में नए भारत का निर्माण हो रहा है। आज देश में किसी आतंक और घुसपैठियों के लिए जगह नहीं है।आजादी के बाद जो वंचित था उसे आज केंद्र और राज्य सरकार दोनों विकास की परिपाटी से जोड़ रही है। आज कोई भी जवान शहीद हो जाता है तो राज्य सरकार उस परिवार को 50 लाख रुपये और परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी देती है। साथ ही एक जगह को उस शहीद के नाम से रखा जाता है।

बता दें कि इस अवसर पर शहीदों के परिवारवालों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित भी किया। कारगिल युद्ध में हुए शहीद परम वीर चक्र विजेता कैप्टन मनोज पांडेय के पिता गोपीचंद पांडेय, शहीद रायफल मैन सुनील जंग की मां बीना महत, शहीद लांस नायक केवल नंद द्विवेदी की पत्नी कमला द्विवेदी और शहीद मेजर रितेश शर्मा के पिता सत्य प्रकाश शर्मा को सम्मानित किया गया।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button