देशबड़ी खबर

Owaisi’s challenge to Rahul: ओवैसी की राहुल गांधी को हैदराबाद से चुनाव लड़ने की खुली चुनौती

हैदराबाद: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को आगामी लोकसभा चुनाव में वायनाड से नहीं बल्कि हैदराबाद से लड़ने की चुनौती दी. ओवैसी ने यह चुनौती अपने संसदीय क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करने के दौरान दी. ओवैसी ने इस दौरान बाबरी मस्जिद का भी मुद्दा उठाया.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन काल में यूपी के अयोध्या में बाबरी मस्जिद ध्वस्त कर दिया गया था. एआईएमआईएम प्रमुख ने राहुल गांधी का नाम लेते हुए कहा कि वह वायनाड से नहीं बल्कि हैदराबाद से चुनाव लड़ें. वह उन्हें खुली चुनौती देते हैं. ओवैसी ने कहा कि आप बड़े-बड़े बयान देते हैं, दम है तो मैदान में आईए और मुझसे मुकाबला कीजिए. कांग्रेस के लोग बहुत कुछ कहेंगे, लेकिन मैं तैयार हूं. उन्होंने खुले तौर पर कहा कि कांग्रेस के शासन काल में बाबरी मस्जिद और सचिवालय की मस्जिद को ध्वस्त कर दिया गया था.

बता दें कि तेलंगाना में कांग्रेस और एआईएमआईएम आमने-सामने हैं क्योंकि दोनों पार्टियां इस साल के अंत में होने वाले राज्य के आगामी विधानसभा चुनावों में शीर्ष पर पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं. इस महीने की शुरुआत में राहुल गांधी ने तेलंगाना के तुक्कुगुडा में एक सभा में बोलते हुए कहा था कि भारतीय जनता पार्टी, भारत राष्ट्र समिति और एआईएमआईएम तेलंगाना में एकजुट होकर काम कर रहीं हैं और उनकी पार्टी इस तिकड़ी के खिलाफ लड़ रही है.

राहुल गांधी ने कहा था, ‘तेलंगाना में कांग्रेस पार्टी, बीआरएस के खिलाफ नहीं लड़ रही है , बल्कि बीआरएस, बीजेपी और एआईएमआईएम साथ मिली हुई है. सभी पार्टियां अलग-अलग हैं पर एकजुट होकर काम कर रही हैं.’ राहुल ने यह भी दावा किया था कि तेलंगाना के सीएम के.चंद्रशेखर राव या एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ कोई सीबीआई-ईडी मामले नहीं हैं क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें अपने लोग मानते हैं.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button