देशबड़ी खबर

भाजपा की सरकार बनने पर छत्तीसगढ़ को नक्सल समस्या से मुक्त कर दिया जाएगा: अमित शाह

जगदलपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के नेतृत्व वाली भूपेश बघेल सरकार पर नक्सलवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को बस्तर की जनता से वादा किया कि भाजपा की सरकार बनने पर राज्य को नक्सल समस्या से मुक्त कर दिया जाएगा। शाह ने राज्य सरकार पर वादा खिलाफी करने और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार करने का भी आरोप लगाया। गृह मंत्री ने आज शहर के लालबाग परेड मैदान में नामांकन रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वह भाजपा के प्रत्याशियों को जिताने के लिए राज्य में हैं।

उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए कहा, ”देश में हर बार एक दिवाली मनाई जाती है। लेकिन छत्तीसगढ़ में तीन दिवाली मनाना है। पहली दिवाली त्योहार की दिवाली, दूसरी दिवाली तीन दिसंबर को कमल की सरकार बनने पर और तीसरी दिवाली, जब अयोध्या स्थित राम जन्म भूमि में जनवरी में प्रभु श्रीराम के मंदिर का शुभारंभ होगा… तब भी श्रीराम के ननिहाल में दिवाली बनेगी।”

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, ”बस्तर क्षेत्र एक जमाने में धुर नक्सली क्षेत्र माना जाता था। आज भी छत्तीसगढ़ में कुछ समस्याएं हैं। मैं आपको कहने आया हूं कि एक बार फिर से कमल फूल (भाजपा) की सरकार बना दो, पूरे छत्तीसगढ़ को नक्सल समस्या से मुक्त कर देंगे।”

शाह ने कहा, ”मोदी सरकार के नौ वर्षों में (नक्सली) हिंसा की घटनाओं में 52 प्रतिशत, मौतों (माओवादी हिंसा में) में 70 प्रतिशत, नागरिकों की मौत में 68 प्रतिशत और नक्सल प्रभावित जिलों में 62 प्रतिशत की गिरावट आई है।”

भाजपा नेता ने कहा कि यदि यदि नक्सली हिंसा होती है और पुलिस के जवान की मृत्यु होती है तब आदिवासी की मृत्यु होती है और यदि नक्सली मरता है तब आदिवासी की मृत्यु होती है। उन्होंने कहा कि आम नागरिक की मृत्यु होती है तब भी आदिवासी की मृत्यु होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के 15 वर्ष के शासन के दौरान रमन सिंह सरकार ने राज्य का विकास किया और पिछले नौ वर्ष के शासनकाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार देश को विकास के रास्ते पर आगे ले जा रही है।

शाह ने मुख्यमंत्री बघेल पर निशाना साधा और पूछा कि भूपेश बाबू आपने क्या किया? उन्होंने कहा, ”भूपेश बघेल की सरकार ने राज्य में शराब की दुकान खोली और दो हजार करोड़ रुपए का घोटाला किया। कोयले के परिवहन में 540 करोड़ रुपए का घोटाला किया। गरीबों के अनाज में पांच हजार करोड़ रुपए का घोटाला किया और गौठान योजना में 1300 करोड़ रुपए का घोटाला किया।”

उन्होंने कहा, ”बहुत घोटाले सुने हैं लेकिन गाय के गोबर में 1300 करोड़ का घोटाला करें, ऐसा आदमी मैं नहीं सुना।” शाह ने राज्य सरकार पर महादेव एप जुआ में पांच हजार करोड़ रुपए का घोटाला करने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य शासन की गलत नीति के कारण युवाओं को निर्वस्त्र होकर रैली निकालनी पड़ी।

केंद्रीय गृह मंत्री ने जनता से कहा, ”आज मैं आपसे कहने आया हूं कि आप एक बार फिर से राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाओ। जो आदिवासी का पैसा हजारों करोड़ रुपये के घोटाले में खा गए हैं उनको सीधा करने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार करेगी।” शाह ने केंद्र की मोदी सरकार द्वारा आदिवासियों के हित में किए गए कार्यों का जिक्र किया तथा बघेल सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने वादा पूरा नहीं किया और गरीब आदिवासियों का पैसा कांग्रेस के नेताओं को पहुंचाने का काम किया है।

शाह ने राज्य सरकार पर झूठ बोलने का भी आरोप लगाया और कहा, ”राज्य सरकार कह रही है कि नगरनार स्टील प्लांट (एनएमडीसी) का निजीकरण होगा। मैं आज कह कर जा रहा हूं कि कोई निजीकरण नहीं होना है। इस पर अधिकार मेरे आदिवासी भाइयों बहनों का है। मोदी जी ने जगदलपुर की सभा (संयंत्र के उद्घाटन मौके पर) में यह बात कह कर बहुत अच्छे ढंग से इसको स्पष्ट कर दिया है।”

केंद्रीय मंत्री ने जनता से कहा, ”आपके सामने दो विकल्प हैं। एक ओर नक्सलवाद को बढ़ावा देने वाली कांग्रेस सरकार और दूसरी ओर नक्सलवाद को समाप्त करने वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। एक ओर करोड़ों गरीबों को गैस, शौचालय, पानी, स्वास्थ्य, अनाज और घर देने वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। दूसरी ओर करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार करने वाली कांग्रेस पार्टी है।”

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button