पंजाब

4 लाख रिश्वत लेने के आरोप में विजीलैंस ने दबोचे दो युवक

लुधियाना। राज्य भर में जारी अपनी भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम के अंतर्गत विजीलैंस ब्यूरो, पंजाब ने शुक्रवार को लुधियाना से विशाल कुमार और जतिन्द्र कुमार नामी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने पुलिस केस में से शिकायतकर्त्ता का नाम निकलवाने के बदले 4 लाख रुपये रिश्वत ली थी।

इस संबंधी जानकारी देते हुए स्टेट विजीलैंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि राजीव कुमार उर्फ रवि निवासी न्यू सुभाष नगर, बस्ती जोधेवाल, लुधियाना ने मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाईन पर आॅनलाइन शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि उपरोक्त लोगों ने एक कत्ल केस में से उसका नाम निकलवाने के लिए उससे 4 लाख रुपए लिए हैं। शिकायत की आगे की जांच से पता चला है कि मनोज कुमार और अन्यों के विरुद्ध लुधियाना के बस्ती जोधेवाल थाने में भारतीय दंड संहिता ( आई.पी.सी.) की धारा 302 के अंतर्गत एफ.आई.आर. नम्बर 68 ( 2020) दर्ज की गई थी। मनोज कुमार द्वारा दी गई जानकारी के उपरांत इस मामले में शिकायतकर्त्ता का नाम भी जोड़ा गया था।

इसके बाद विशाल कुमार ने शिकायतकर्त्ता के साथ मुलाकात के दौरान दावा किया कि वह लुधियाना के सुभाष नगर स्थित ब्रांडिड बाना गारमैंट स्टोर के मालिक जतिन्द्र कुमार का जानकार है। विशाल कुमार ने शिकायतकर्त्ता को भरोसा दिलाया कि उसके मालिक के लुधियाना के एक ए.डी.सी.पी. ( अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर) के साथ अच्छे संबंध हैं और वह कत्ल केस की पुलिस जांच करवाकर उसे बेकसूर साबित करवा सकता है।

शिकायतकर्त्ता ने बताया कि विशाल कुमार और जतिन्द्र कुमार ने अगस्त 2020 में उससे 4 लाख रुपए ले लिए थे, परन्तु उसे पैसों के बदले कोई राहत नहीं मिली। उसे ढूँढने के लिए लगातार की गई पुलिस छापेमारी के दौरान उस (शिकायतकर्ता) को गिरफ़्तार कर लिया गया।

जब उसने दोनों आरोपियों से संपर्क किया तो उन्होंने उसे कहा कि 4 लाख रुपए तो केवल जांच शुरू करवाने के थे। शिकायतकर्त्ता को बाद में 25 अप्रैल, 2023 को जमानत मिल गई और 18 अगस्त, 2023 को लुधियाना की सैशन अदालत द्वारा उसको बरी कर दिया गया। इसके बाद उसने उक्त आरोपियों के पास से 4 लाख रुपये वापस करने की मांग की तो उन्होंने पैसे वापस करने के लिए मना कर दिया।

आखिर में शिकायतकर्ता ने इस मामले में शिकायत दर्ज करवाई और विजलैंस ब्यूरो को सबूत के तौर पर आॅडियो रिकार्डिंग प्रदान की। गहराई से जांच करने के बाद यह बात सामने आई कि दोनों आरोपियों ने पुलिस केस में ए.डी.सी.पी. लुधियाना के साथ संबंध होना बताकर शिकायतकर्त्ता से 4 लाख रुपए रिश्वत ली थी। प्रवक्ता ने बताया कि इस संबंधी विशाल कुमार और जतिन्द्र कुमार के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो के थाना लुधियाना रेंज में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7-ए और आइपीसी की धारा 120-बी के अंतर्गत एफआईआर नंबर 27 तारीख 27 अक्तूबर, 2023 के अधीन मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया गया है और इस संबंधी आगे की जांच जारी है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.
Back to top button