India-US Trade Deal 99% पूरा, जल्द होगी साइन: अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर

अमेरिका के राजदूत Sergio Gor ने IIT दिल्ली में बड़ा बयान देते हुए कहा कि भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील लगभग 99% पूरी हो चुकी है और अब सिर्फ अंतिम 1% मुद्दों पर सहमति बनना बाकी है। उन्होंने संकेत दिया कि यह समझौता आने वाले हफ्तों में औपचारिक रूप से साइन किया जा सकता है।
गोर ने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और हाल ही में भारतीय टीम अमेरिका में वार्ता के लिए गई थी, जबकि जल्द ही एक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भारत आने वाला है। उनका कहना था कि यह समझौता दोनों देशों के व्यापार, निवेश और टेक्नोलॉजी सहयोग को नई दिशा देगा।
उन्होंने यह भी जोर दिया कि भारत और अमेरिका मिलकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, क्रिटिकल मिनरल्स और अन्य उभरती तकनीकों के क्षेत्र में वैश्विक बदलाव का हिस्सा बन सकते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह ट्रेड डील अगर साइन होती है तो दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंध और मजबूत होंगे और वैश्विक सप्लाई चेन में भारत की भूमिका और भी अहम हो जाएगी।



