बहराइच : 5 और कोरोना पॉजिटिव मरीज, संख्या बढ़ कर 14 हुई

बहराइच। बहराइच में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। शुक्रवार देर रात 5 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। बहराइच में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। यह सभी संक्रमित मरीज हाल ही में मुंबई से लौटकर आए थे। रिसिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लखैया जदीद गांव निवासी पांच युवक 21 अप्रैल को मुंबई से लौटे थे। जिन्हें क्वारन्टीन करा दिया गया था।
इन सभी युवकों का 29 अप्रैल को सैंपल लेकर जांच के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज लखनऊ भेजा गया था। शुक्रवार की रात 5 युवकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही लखैया जदीद गांव में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 6 हो गई है। जिले में अब तक कुल कोरोना मरीजों की संख्या 14 हो गई है। लगातार बढ़ रही कोरोना संक्रमितों की संख्या से जिलेवासियों में दहशत बनी हुई है।
सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह ने बताया कि लखैया जदीद गांव के पांच युवकों सहित 20 संदिग्ध व्यक्तियों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। जिसमें 5 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 15 की रिपोर्ट नेगेटिव है। उन्होंने बताया कि चित्तौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित एल-1 अस्पताल में इन मरीजों को भी शिफ्ट किया जा रहा है।