संतकबीरनगर: मिले 4 और कोरोना पॉजिटिव, संक्रमितों की संख्या हुई 32

संतकबीरनगर। जिले में कोतवाली ख़लीलाबाद थाना क्षेत्र के नगर पंचायत मगहर में पुलिस की निगरानी बढ़ गई है। एक ही परिवार में चार पॉजिटिव मरीज और मिले हैं। इसके बाद एक मरीज से संक्रमण का आंकड़ा 24 तक पहुंच गया। डीएम व एसपी ने मगहर का दौराकर जिम्मेदारों को सख्ती से लॉकडाउन अनुपालन कराने का निर्देश दिया।
जिले में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 32 पहुंच गई है। नगर पंचायत मगहर में देवबंद से आया एक छात्र जांच के बाद कोरोना पॉजिटिव पाया गया। जिसको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराकर परिवार वालों की निगरानी की जा रही थी। इसी बीच जांच के दौरान धीरे-धीरे परिवार के अन्य सदस्य भी संक्रमित पाए गए।
बुधवार को आई जांच रिपोर्ट के बाद एक ही परिवार में 24 सदस्यों के बीच संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद से ही नगर पंचायत क्षेत्र में पुलिस निगरानी काफी बढ़ गई है। मगहर पहुंचे डीएम व एसपी ने हॉटस्पॉट एरिया का निरीक्षण किया। भ्रमण कर लॉकडाउन का सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश दिया।
कस्बे की सील सीमाओं पर पुलिस का पहरा काफी कड़ाकर दिया गया है। साथ ही यह भी निर्देशित किया कि आम लोगों की जरूरतों का ख्याल रखा जाए। उन्हें समस्या न होने पाए।
एसओ गौरव सिंह ने बताया कि मगहर को सील कर दिया गया है। पुलिस चौतरफा निगरानी बरत रही है। लोगों से लॉकडाउन अनुपालन के लिए घरों में रहने की अपील किया जा रहा है। जो भी व्यक्ति लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए पाया जाएगा। उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।