उत्तर प्रदेशफ़र्रूख़ाबाद

फर्रुखाबाद: फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में साथी कैदी की मौत पर बंदियों का उपद्रव, फायरिंग, आगजनी और पुलिस पर पथराव

फर्रुखाबाद। साथी बन्दी की मौत पर भड़के बंदियों ने फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में रविवार को जमकर तोड़फोड़ व आगजनी की है। कैदियों ने जेल पर कब्जा कर लिया। जेल अधीक्षक और उपाधीक्षक पर हमले के बाद बचाव के लिए पुलिस की ओर से फायरिंग की भी खबर है। सूचना मिलने पर जिले भर के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए है। बंदियों का उपद्रव समाचार लिखे जाने तक जारी है।

पता चला है कि जेल में बन्दी संदीप का सैफई जेल में स्थानांतरण कर दिया गया था। इसी बीच ट्रांसफर की खबर के बाद उसकी मौत हो गई। साथी की मौत पर भड़के बंदियों ने जेल में जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर बंदियों ने पथराव भी कर दिया। पथराव में कई जवान घायल हो गए। बंदियों ने जेल के मेनगेट पर कब्जा कर लिया।

हालात बेकाबू देखकर पुलिस ने फायरिंग की। लेकिन बन्दी नहीं माने। बंदियों के उग्र होने के बीच जिले के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। बन्दी पूरी जेल पर कब्जा किये हुए हैं और तोड़फोड़ कर रहे हैं। जिला जेल के बाहर भारी पुलिस एवं पीएसी बल लगा हुआ है। जेल के गेट को मुक्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक अजयपाल सिंह ने बताया कि बंदियों को शांत करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जानकारी प्रदेश शासन को भेज दी गई है।

Related Articles

Back to top button