बच्चों पर दिखा रामायण का असर, कोई बना राम तो कोई सीता

लखनऊ। लखनऊ में लॉकडाउन के बीच छोटे-छोटे बच्चों पर रामायण का असर सर चढ़कर बोल रहा है। छोटे-छोटे बच्चे अपने घर पर रहकर रामायण के गेटअप में आकर अपना मनोरंजन कर रहे हैं। साथ ही, वह सोशल मीडिया पर फोटोज और वीडियो बनाकर डाल रहे हैं। इसी क्रम में, लखनऊ के निवासी कुछ बच्चे रामायण के किरदारों का गेटअप धारण कर घर ही में सबका मनोरंजन कर रहे हैं।
लखनऊ पब्लिक स्कूल के बच्चे भी रामायण के किरदारों के गेटअप में दिखे। इसमें 12 वर्षीय साक्षी सिंह कक्षा 7 की छात्रा हैं जो सीता जी के गेटअप में दिखीं। 10 वर्षीय दिव्याशं जो कक्षा 7 के छात्र हैं। उन्होंने भगवान श्री राम का गेटअप लिया। उनके इस गेटअप को लोगों ने काफी पसंद भी किया है। साथ ही बच्चे घर में रामायण के अलग-अलग प्रसंगों पर अपने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी डाल रहे हैं।
वहीं, बच्चों की इन गतिविधियों की हर कोई सराहना कर रहा है साथ ही बच्चों ने लोगों को घरों में रहने का संदेश दिया। बता दें कि, कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए केंद्र सरकार द्वार पूरे देश में 17 मई तक लॉकडाउन लागू किया गया है। इस दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी चीजों पर प्रतिबंद्ध है। ऐसे में स्कूल-कालेज बंद होने की वजह से बच्चे घर में मनोरंजन के लिए विभिन्न तरीके अपना रहे हैं। साथ ही लोगों को कोरोना से बचाव के प्रति जागरूक भी कर रहे हैं।