उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्यलखनऊ

रेंज से 1488 अभ्यर्थी लेने जाएंगे सिपाही भर्ती के नियुक्ति पत्र, 248 महिला अभ्यर्थियों के लिए होंगे विशेष सुरक्षा इंतजाम

उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा 2023 के नियुक्ति पत्र 16 जून को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में वितरित किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वितरित करेंगे। इसके लिए डीआईजी अजय कुमार साहनी ने विशेष इंतजाम किए हैं। चारों जिलों के अपर पुलिस अधीक्षकों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। चार सीओ भी अभ्यर्थियों के साथ जाएंगे।

बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं से 1488 अभ्यर्थी लखनऊ जाएंगे। इनमें से 1240 अभ्यर्थी पुरुष और 248 अभ्यर्थी महिला हैं। सभी अभ्यर्थी 15 जून को अपने-अपने जनपदों से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। डीआईजी ने सभी कप्तानों को निर्देशित किया है कि वे महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा, खानपान, ठहराव और आवागमन पर विशेष ध्यान दें। सभी नोडल अधिकारी यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें। अभ्यर्थियों के आवास, स्नानगृह, शौचालय और जनरेटर का विशेष तौर पर प्रबंध कर लें।

उन्होंने निर्देशित किया कि महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस कर्मियों को साथ भेजा जाए। किसी तरह की असुविधा और असुरक्षा की स्थिति से बचने के लिए महिला हेल्प डेस्क को सक्रिय किया जाए। चारों जिलों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए एडिशनल एसपी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। बरेली में एसपी ट्रैफिक, बदायूं और शाहजहांपुर में एसपी रूरल और पीलीभीत में एडिशनल एसपी अभ्यर्थियों की बसों, ठहराव, खानपान और शौचालय जैसी सुविधाओं का समुचित समन्वय कराएंगे।

बरेली और शाहजहांपुर में रहेंगे स्टापेज

डीआईजी ने बताया कि अभ्यर्थियों के साथ चारों जिलों के चार सीओ जाएंगे। ये अधिकारी बसों की निगरानी और सुरक्षा की व्यवस्था देखेंगे। सभी बसों की सुरक्षा के लिए उप निरीक्षकों और सिपाहियों की तैनाती की गई है। मेरठ, मुरादाबाद और पीछे के जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए फरीदपुर और शाहजहांपुर में दो स्थानों पर बसों के ठहराव निर्धारित किए गए हैं।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button