देशबड़ी खबर

दिल्ली में भरभराकर गिरी इमारत, दहल गया इलाका; लोगों ने कहा- ‘लगा जैसे भूकंप आ गया’

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में आज दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां आज दोपहर में एक इमारत गिर गई। बताया जा रहा है कि यहां पर एक पुराना बैंकेट हॉल था, जो जर्जर हालत में था। मिली जानकारी के अनुसार बिल्डिंग में तीन मजदूर काम कर रहे थे, जो मलबे में दब गए। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद राहत और बचाव का कार्य शुरू कर दिया गया। एनडीआरएफ सहित तमाम टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। वहीं बिल्डिंग में काम कर रहे तीनों मजदूरों को किसी तरह से बाहर निकाला गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में दो लोग मामूली रूप से घायल हैं, जबकि एक को ज्यादा चोट लगी है। पुलिस के मुताबिक किसी और के दबे होने की खबर नहीं है।

हादसे के बाद का वीडियो आया सामने

घटना के बाद हादसे का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में इमारत गिरने के बाद मलबे को देखा जा सकता है। वहीं आस-पास स्थानीय लोग भी इकट्ठा हो गए। वीडियो में स्थानीय लोगों को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि ऐसा लगा जैसे भूकंप आ गया है। वहीं किसी ने कहा कि इमारत गिरने के बाद हर तरफ धुआं-धुआं हो गया था, उन्हें लगा जैसे कहीं पर आग लग गई है। वहीं जब स्थानीय लोगों ने बाहर निकल कर देखा तब स्थिति का पता चल सका। हादसे के बाद एनडीआरएफ सहित अन्य टीमें राहत और बचाव के कार्य में जुट गई हैं।

दिल्ली के कई इलाकों में हुई बारिश

बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में शनिवार को बारिश हुई, जिससे यातायात भी बाधित हो गया। वहीं जगह-जगह जलभराव देखा गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है। पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को दिन में बादल छाए रहने और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिल्ली यातायात पुलिस ने शनिवार को बताया कि बारिश होने से रोहतक रोड पर यातायात प्रभावित हुआ है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button