देशबड़ी खबर

अभिषेक बनर्जी ने ट्रेन हादसे पर मोदी सरकार पर साधा निशाना

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने ओडिशा में हुए ट्रेन हादसे को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है।अभिषेक ने कहा कि मोदी सरकार वंदे भारत ट्रेनों और नवनिर्मित रेलवे स्टेशनों को अपनी उपलब्धि बताती है और जनता को गुमराह कर राजनीतिक समर्थन हासिल करने के लिए जल्दबाजी में परियोजनाओं का उद्घाटन करती है।

उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रगति के बावजूद, एक ओर सरकार विपक्षी नेताओं, उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों, पत्रकारों की जासूसी करने के लिए पेगासस जैसे सॉफ़्टवेयर का सहारा लेती है, लेकिन दूसरी ओर दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं को रोकने के लिए जीपीएस और टक्कर-रोधी उपकरणों को लागू करने की उपेक्षा करती है।

उन्होंने कहा कि दुख की बात है कि इनका खामियाजा गरीब लोगों को भुगतना पड़ता है फिर चाहे वह नोटबंदी, वस्तु सेवाकर (जीएसटी), हड़बड़ी में लॉकडाउन, कठोर कृषि कानून या अपर्याप्त रेलवे सुरक्षा उपाय हो। दिल दहला देने वाले इस ट्रेन हादसे में सौ से अधिक लोगों की जान चली गई है, और इसके लिए काफी हद तक प्रधानमंत्री जिम्मेदार हैं।

उन्होंने कहा कि मेरी हार्दिक संवेदनाएं उन परिवारों के साथ है, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खो दिया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और जोर देकर कहा कि यदि रेल मंत्री की अंतरात्मा की आवाज बाकी है, तो उन्हें पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि ओडिशा के बालासोर जिले में शुक्रवार को हुई ट्रेन दुर्घटना में मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर 207 हो गई। बचाव अभियान में मदद के लिए सेना को बुलाया गया है।

मुख्य सचिव पी के जेना ने कहा कि घायलों की संख्या 900 हो गई है। उन्हाेंने विशेष राहत आयुक्त सत्यव्रत साहू द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के हवाले से ट्विटर पर कहा, “ट्रेन दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़ रही है। दुर्घटनास्थल से ताजा रिपोर्ट में यह आंकड़ा 207 बताया गया है। घायलों की संख्या लगभग 900 है।”

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button