उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

60 हजार करोड़ के शाइन सिटी घोटाले के मास्टर माइंड राशिद नसीम का एजेंट गिरफ्तार, ED ने दबोचा

लखनऊः 60 हजार करोड़ के शाइन सिटी घोटाले के मास्टरमाइंड राशिद नसीम के एक और करीबी एजेंट को प्रवर्तन निदेशालय ईडी ने गिरफ्तार किया है. ईडी ने गिरफ्तार किए गए दुर्गा प्रसाद को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे 6 दिन के लिए ईडी की कस्टडी रिमांड दे दी है. इसी पहले एजेंसी ने दो अन्य एजेंट शशिबाला और अभिषेक सिंह को गिरफ्तार किया था. ये सभी जब्त हुई शाइन सिटी की संपत्तियों को बेच कर दुबई भाग चुके राशिद नसीम को पैसे भेज रहे थे.

एजेंसी ने बताया कि शाइन सिटी के मालिक राशिद नसीम ने दुर्गा प्रसाद के नाम करीब सौ से अधिक संपत्तियों की खरीद की थी. चूंकि दुर्गा अनसूचित जाति का था, ऐसे में राशिद ने उसी के नाम से लोगों से ठगे गए पैसों से जमीन खरीद की थी. बीते दिनों शाइन सिटी की जब्त संपत्तियों को धोखाधड़ी कर बेचने वाले एजेंटों के 23 ठिकानों पर छापेमारी की गई थी. यह छापेमारी लखनऊ, दिल्ली, मुंबई, वाराणसी, आजमगढ़, प्रयागराज और हरदोई में हुई थी.

चार हजार से अधिक FIR हुईं थी दर्ज

बता दें कि शाइन सिटी कंपनी के एमडी राशिद नसीम और भाई आसिफ नसीम समेत कंपनी के 50 से अधिक कर्मचारियों के खिलाफ यूपी समेत कई राज्यों में चार हजार से अधिक FIR दर्ज की गई थी. सिर्फ लखनऊ के गोमती नगर थाने में ही 240 एफआईआर दर्ज है. ईडी अब तक शाइन सिटी की 128.54 करोड़ की जमीन जब्त कर चुकी है. राशिद नसीम ने अपने भाई आसिफ के साथ मिल कर दस लाख से अधिक लोगों की गाढ़ी कमाई लूट ली थी.

जांच एजेंसियों के मुताबिक शाइन सिटी में 60 हजार करोड़ से अधिक का घोटाला हुआ है. राशिद नसीम दुबई में ऐशो आराम की जिंदगी गुजार रहा है जबकि भाई आसिफ लखनऊ जेल में बंद है. मामले की यूपी पुलिस की ईओडब्ल्यू विंग और ईडी जांच कर रही है. अब तक शाइन सिटी के 60 से अधिक अधिकारी व कर्मचारी गिरफ्तार किए जा चुके हैं.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button